कुकड़ेश्वर। स्थानीय ज्ञान मंदिर हाई स्कूल में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी 14 नवंबर को बाल दिवस के उपलक्ष्य में बाल मेले का आयोजन किया गया। यह आयोजन भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के जन्मदिवस के अवसर पर हुआ। मेले का शुभारंभ नगर की प्रथम नागरिक श्रीमती उर्मिला महेंद्र पटवा (अध्यक्ष, नगर पंचायत), सतीश खाबिया (अध्यक्ष, नगर पत्रकार संघ), महेंद्र पटवा (वरिष्ठ समाजसेवी), तेजकरण सोनी (अध्यक्ष, नगर विकास प्रस्फुटन समिति), नरेंद्र चौधरी (वरिष्ठ पत्रकार), भगवती प्रसाद सोनी (नवांकुर संस्था प्रमुख), राजू पटेल (पत्रकार), विनोद पोरवाल (एलआईसी), संजय मारू (समाजसेवी), सत्यनारायण पीपलीवाल, दशरथ नागदा (पत्रकार), एवं संस्था प्रमुख श्रीमती मंजू सोनी की गरिमामयी उपस्थिति में मां सरस्वती की पूजा-अर्चना के साथ किया गया।
इस अवसर पर उर्मिला पटवा ने कहा कि बाल मेले का आयोजन हमें बचपन की याद दिलाता है और यह बच्चों को व्यवसाय के गुण सिखाने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करता है। उन्होंने विद्यालय में दिए जा रहे संस्कारों की सराहना की और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सतीश खाबिया ने अपने संबोधन में बताया कि आज पंडित जवाहरलाल नेहरू की 135वीं जयंती है, जिसे पूरे देश में बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने बच्चों द्वारा लगाए गए बाल मेले की प्रशंसा की। वहीं, पत्रकार राजू पटेल ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि कन्या को माता का स्वरूप माना गया है, इसलिए कन्या पूजन से दिन की शुरुआत करनी चाहिए। उन्होंने बच्चों को इससे जुड़े प्रेरक उदाहरण भी सुनाए।
मेले में कुल 40 छात्रों ने भाग लिया और 20 विभिन्न स्टॉल लगाकर एक आकर्षक आयोजन किया। अतिथियों ने बच्चों से सामग्री खरीदी और उनसे व्यवसाय के बारे में जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर तुलसी मोदी, प्रेमलता टोडावाल, सुधा माली, पूजा मोदी, राहुल दास बैरागी सहित कई पालकगण, बच्चों और स्थानीय नागरिकों ने उपस्थिति दर्ज की।
कार्यक्रम का संचालन भगवती प्रसाद सोनी ने किया और सभी का आभार संस्था प्रमुख श्रीमती मंजू सोनी द्वारा व्यक्त किया गया।