भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के आदिवासी बाहुल्य ‘आदिवास गांव’ में जनजातीय गौरव दिवस मनाया जा रहा है। ग्राम पंचायत भानपुर के केकड़िया गांव में आयोजित कार्यक्रम में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और जनजातीय आयोग के राष्ट्रीय अध्यक्ष अंतरसिंह आर्य शामिल हुए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने क्रांति की अलग जगाई थी। स्कूल में पढ़ाई के दौरान ही अंग्रेजों का विरोध किया था। स्कूल के समय में ही धर्म के खिलाफ अंग्रेजों की नीतियों का विरोध किया और जल, जंगल, जमीन की लड़ाई लड़ी। उन्हीं की जयंती को पीएम नरेंद्र मोदी ने जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की।
वहीं जनजातीय आयोग के राष्ट्रीय अध्यक्ष अंतर सिंह आर्य ने आदिवासी बोली में कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आजादी आंदोलन में जनजातीय गौरव दिखाई दिया। मध्यप्रदेश से लेकर झारखंड तक जनजातीय गौरव की अपनी गौरव गाथा है। पीएम मोदी ने झारखंड में करोड़ों रुपए से बिरसा मुंडा भगवान की मूर्ति लगाई। जनजातीय गौरव दिवस पर पहली बार प्रधानमंत्री ने देशभर में छुट्टी घोषित की है। जनजातियों का कल्याण हो ये पीएम मोदी का सपना है।