देवास। जिले में राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान अंतर्गत जिलास्तरीय कार्यक्रम बागली विकासखण्ड के ग्राम पुंजापुरा में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में विधायक मुरली भंवरा ने कहा कि आज हम भगवान बिरसा मुंडा 150वीं जन्म जयंती मना रहे हैं। देश की आजादी के लिए आदिवासियों ने कई लड़ाइयां लड़ी है। आदिवासी समाज जल, जंगल और जमीन का रखवाला है। भारत के इतिहास को मुगलकाल तक सीमित कर पढ़ाया गया। अब सही इतिहास पढ़ने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज का इतिहास अमिट हैं। समाज के नागरिक अपने कर्तव्यों को भलीभांति जानते हैं।
विधायक मुरली भंवरा ने कहा कि सरकार द्वारा आदिवासियों के लिए कई योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। बागली विधानसभा क्षेत्र में बिजली, सड़क और शिक्षा के लिए विशेष रूप से कार्य किया जा रहा है। बालक/बालिकाओं को छात्रवासों की सुविधा दी जा रही हैं। देवास जिले में सबसे ज्यादा सीएम राइज स्कूल बागली विधानसभा में ही बनाये जा रहे हैं। आने वाले सालों में बागली विधानसभा का चहुमुखी विकास होगा।
कार्यक्रम में भंगूसिंह रावत ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन से जुड़ी बातें बताई। किस प्रकार उन्होंने अंग्रजो से लड़ाई लड़ी इसकी जानकारी दी। उन्होंने जनजाति वर्ग के योद्धाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हमे अपनी संस्कृति के बारे में जानना आवश्यक है। कार्यक्रम में रामेश्वर गुजर, बालू निगवाल सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया।
जिला स्तरीय कार्यक्रम में हितग्राहियों को विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओ का हितलाभ वितरण किया गया। राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बिहार के जमुई में आयोजित कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी देखा गया। कार्यक्रम में राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, खाद्य, कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य, जल संसाधन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, जनजातीय, वन, विद्युत, शिक्षा, महिला बाल विकास सहित अन्य विभागों ने विभागीय योजनाओं की जानकारी के लिए प्रदर्शनी लगाई गई। कर्यक्रम में बालक/बालिकाओं ने जनजातीय संस्कृति को प्रदर्शित करते हुए नाट्य एवं नृत्य प्रस्तुतियां दी।
कार्यक्रम में संत अमृत दास महाराज, भंगूसिंह रावत, नाहर सिंह मुजाल्दे, नाथूसिंह सेंधव, विनोद भार्गव, बालूसिंह निगवाल, रामेश्वर गुर्जर, मोहन सिंह राठौर सहित अन्य जनप्रतिनिधि, सीईओ जिला पंचायत हिमांशु प्रजापति, सीईओ जनपद बागली राजू मेडा, जिला संयोजक जनजातीय कार्य विभाग सपना खरते सहित अन्य अधिकारी , विभिन्न समाजों के प्रमुख उपस्थित थे।