छतरपुर। जिला के खजुराहो पत्रकार संघ द्वारा बुंदेलखंड स्तरीय पत्रकार सम्मेलन का आयोजन टूरिस्ट विलेज खजुराहो में शुक्रवार को किया गया। आयोजन में सोशल मीडिया के सकारात्मक एवं नकारात्मक प्रभाव विषय पर संगोष्ठी हुई। आयोजन में अतिथि के रूप में जलपुरुष संजय सिंह, आईएनडी 24 के चौनल हैड नवीन पुरोहित, न्यूज के पॉलिटिकल एडीटर ब्रह्म प्रकाश दुबे, नव दुनिया के संपादक देवदत्त दुबे, गणेश प्रसाद मिश्र सेवा न्यास के अध्यक्ष डॉ राकेश मिश्रा, राजनगर विधायक अरविंद पटेरिया, जिला जनसंपर्क अधिकारी हिमांशी बजाज, बांदा के पत्रकार अनिल शर्मा, बुंदेली बौछार के सचिन चौधरी उपस्थित रहे।
नवीन पुरोहित ने कहा कि पत्रकारिता बाहर उजली है पर अंदर काली है। जब आप सच बोल नहीं सकें तो चुप हो जाएं। उन्होंने कहा कि डिजिटल मीडिया की सत्यता नहीं है। सोशल मीडिया धारणा बनाने का काम करती है। ब्रह्म प्रकाश दुबे ने बताया कि देश में 44 करोड़ लोग सोशल मीडिया पर हैं। सोशल मीडिया का सावधानी से उपयोग न करने पर बड़ी विसंगतियां हो जाती हैं। इसलिए पत्रकार खबर को खबर के तौर पर चलाएं।
सचिन चौधरी ने बुंदेली में अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पत्रकारिता है ही नहीं।पत्रकारिता के लिए मापदंड की जरूरत बताते हुए उन्होंने कहा कि इसके लिए स्नातक होना जरूरी है। सकारात्मक काम करने से आत्म संतुष्टि मिलती है।
पीआरओ हिमांशी बजाज ने कहा कि सोशल मीडिया के पत्रकार विश्वसनीय सूत्र रखें। हमें खबर का स्तर बनाए रखने का काम करना होगा। अपने को पत्रकार कहें तो क्वालिटी को मेंटेन करें। सकारात्मक प्रभाव को बढ़ाकर जिम्मेदार पत्रकार बनें।
विधायक अरविंद पटेरिया ने कहा समाज में अच्छे काम के लिए उन्हें पत्रकार बाध्य करते हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज को कमियां नहीं बताएंगे तो सुधार कैसे होगा। लेकिन नकारात्मकता की सोच बदलने की जरूरत है। हमारी आपकी सोच पॉजिटिव होगी तभी समाज और देश का भला होगा। अच्छी चीजें सोशल मीडिया पर न डालने से समाज का नुकसान होगा।
डॉ राकेश मिश्र ने कहा कि सोशल मीडिया का अपना स्थान है लेकिन प्रिंट मीडिया की भूमिका आज भी बरकरार है। लोगों की भी मानसिकता बदल गई। पत्रकार सामाजिक क्रांति के बड़े योद्धा हैं। पत्रकारों के एक एक शब्द, भाव में ताकत है।