मंदसौर। उत्तर पूर्वी हवाओं का असर कम होने से पिछले दो तीन दिन में मंदसौर में ठंड का असर बढ़ गया है। वहीं पहाड़ी क्षेत्रों में चल रही जेट स्ट्रीम हवाएं प्रदेश के उत्तरी क्षेत्र से आ रही है। इसी के चलते मौसम में बदलाव आया है। अगले चार-पांच दिन ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान है। जिले में अधिकतम तापमान 30 डिग्री व न्यूनतम तापमान 16 डिग्री के आसपास बना हुआ है। आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट देखने को मिलेगी।
सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ. वेद प्रकाश सिंह ने बताया कि हवा का रुख जब उत्तर-पश्चिमी हो जाएगा और पहाड़ों पर बर्फबारी होगी, तब तापमान में और गिरावट होगी। उत्तर-पश्चिमी हवाओं के असर से ग्वालियर-चंबल संभाग सबसे ज्यादा ठंडा रहेगा। हवाओं का असर इन्हीं संभागों में सबसे पहले होता है।
नवंबर में इसलिए ऐसा मौसम-
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिम-उत्तर भारत के ऊपर जेट स्ट्रीम हवाएं चल रही है। वहीं, दक्षिणी हिस्से में एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम एक्टिव है। जेट स्ट्रीम हवाओं की रफ्तार तेज होने से प्रदेश में इसका असर रहेगा।