खरगोन। भगवान बिरसा मुण्डा की 150 वीं जयंती के अवसर पर 15 नवंबर को शासकीय स्नातककोत्तर महाविद्यालय खरगोन के आडोटोरियम हॉल में जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जनजातीय गौरव दिवस धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक बालकृष्ण पाटीदार उपस्थित थे। कार्यक्रम में कलेक्टर कर्मवीर शर्मा, एसडीएम बीएस कलेश, जिला पंचायत उपाध्यक्ष बापुसिंह परिहार, क्रांति सूर्य टंट्या भील के वंशज सुनील सिरसाठे, दरियाव जी सिरसाठे, नगरपालिका के पार्षद, अन्य विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं विद्यालयों के छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
इस अवसर पर जनजातीय गौरव योद्धाओं की प्रदर्शनी एवं जनजातीय समुदाय की महिलाओं की प्रदर्शनी लगाई गई थी। कार्यक्रम में जनजातीय समाज के लोग, जनजातीय विकास विभाग की शिक्षिकाएं एवं छात्राएं अपने पारम्परिक वेशभूषा में पहुंची थी। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की हितग्राहीमूलक योजनाओं के अन्तर्गत हितलाभ का वितरण भी किया गया। कार्यक्रम में विधायक पाटीदार एवं कलेक्टर शर्मा को जनजातीय संस्कृति के प्रतीक तीर कमान भेंट किये गए। कार्यक्रम में क्रांतिसूर्य टंट्या भील के वंशज सुनील सिरसाठे एवं दरियाव जी सिरसाठे का शॉल भेंटकर सम्मान किया गया।
विधायक बालकृष्ण पाटीदार ने अपने संबोधन में कहा कि जनजातियां हमारे देश का गौरव रही है। जनजातीय नायकों ने अंग्रेजों और मुगलों से अपने समाज के लिए लड़ाईयां लड़ी है। उन्हीं के संघर्षों का परिणाम है कि देश चहुमुखी विकास कर रहा है। गांवों से गरीबी जा रही है और समृद्धि आ रही है। दूर अंचलों के गांवों में भी सड़कें बन रही है, पक्की सड़के विकास का पर्याय होती है। जनजातीय समाज के उत्थान के लिए शासन द्वारा अनेकों योजनाएं संचालित की जा रही है। जनजातीय समाज के लोग इन योजनाओं का लाभ लेकर आगे बढ रहे हैं। विधायक पाटीदार ने कहा कि विकास का यह क्रम टूटना नहीं चाहिए। हम सब मिलकर अपने समाज की बुराईयों को खत्म करें। झगड़े और बुराईयों से विकास अवरूद्ध हो जाता है। हम सभी संकल्प लें कि बुराई को खत्म कर अपने समाज को समृद्धशाली बनाएंगे।
कलेक्टर कर्मवीर शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि सांस्कृतिक क्षेत्र में जनजाति समुदाय का गौरवपूर्ण योगदान है। शासन द्वारा जनजाति समाज के उत्थान के लिए अनेकों योजनाएं संचालित की जा रही है और उनका प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। प्रधानमंत्री धरती आबा जनजाति ग्राम उत्कृर्ष अभियान के अंतर्गत जिले के जनजाति बहुल 424 ग्रामों का चयन किया गया है। इन ग्रामों में 18 विभागों की योजनाओं का शत प्रतिशत क्रियान्वयन किया जाऐगा और सभी पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा।
जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बिहार के जमुई में आयोजित कार्यक्रम में 6600 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का वर्चुअली लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इसमें सेगांव में एकलव्य विद्यालय का वर्चुअल शिलान्यास भी शामिल है। इस कार्यक्रम का पीजी कॉलेज को ऑडिटोरियम हॉल में सीधा प्रसारण दिखाया गया। इस अवसर पर कन्या आश्रम ऊन की छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये गए। कार्यक्रम में हितग्राहियों को वन अधिकार पट्टा, खाद्य विभाग की पात्रता पर्ची, स्वरोजगार के लिए उद्योग, आजीविका मिशन, पशुपालन विभाग की योजना के अंतर्गत ऋण वितरण किया गया। लाड़ली लक्ष्मी योजना के अंतर्गत बालिका रिया रावत, रूचिता चौहान व वैष्णवी वर्मा को प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। कृषि विभाग की ओर से जनजातीय वर्ग के कृषकों को मसूर मीनी किट का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग प्रशांत आर्य, महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी भारती आवास्या, उप संचालक कृषि एमएस सोलंकी, नगर पालिका सीएमओ एमआर निगवाल, अग्रणी बैंक प्रबंधक एसएस सोलंकी, सहायक संचालक एबी गुप्ता, जिला क्रीड़ा अधिकारी अश्विन गुप्ता सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।