गुना। ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट ऑर्गनाइजेशन (एआईडीएसओ) और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) कार्यकर्ताओं के बीच रविवार देर रात जमकर मारपीट हुई। आरोप है कि एआईडीएसओ के कार्यकर्ताओं ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पांच कार्यकर्ताओं पर हमला कर दिया। पहले एक कार्यकर्ता को रोककर उसके साथ मारपीट की, फिर जैसे ही उसके दोस्त उसे बचाने पहुंचे, तो उन पर भी जानलेवा हमला कर दिया।
मारपीट में घायल तीन छात्रों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, कोतवाली में भी हंगामा हुआ। धक्का-मुक्की के दौरान सीएसपी सीढ़ियों पर गिर गए। मामले में पुलिस ने 5 नामजद आरोपियों समेत अज्ञात आरोपियों पर हत्या के प्रयास, सशस्त्र दंगा करने समेत अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद कार्यकर्ता सोमवार दोपहर रैली के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर एआईडीएसओ पर बैन की मांग की। परिषद के प्रांतीय मंत्री संदीप वैष्णव ने कहा- एआईडीएसओ ने कायराना हरकत की है। यह कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस तरह के संगठनों पर बैन लगाया जाए। उनके कार्यालयों में अवैध गतिविधियां होती हैं, इन्हें तोड़ा जाए।