रायपुर। लखनादौन तक नए एक्सप्रेस-वे बनाने की कवायद हो रही है। लखनादौन से रायपुर तक 6 लेन ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे का सर्वे भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण करा रहा है। यह तीन रूट पर कराया जा रहा है। उम्मीद है कि करीब 300 किमी लंबा यह हाई-वे रायपुर से बालाघाट होते हुए लखनादौन तक आएगा। इसकी रिपोर्ट दिल्ली भेजी जाएगी।
सूत्रों का कहना है कि एक्सप्रेस-वे को लखनादौन-छपारा-सिवनी-बालाघाट-रजेगांव होकर निकालने की तैयारी है। अफसरों के मुताबिक निर्माण में सबसे छोटे रूट को प्राथमिकता दी जाती है। इसके पांच साल के भीतर बन जाने के आसार हैं।
लखनादौन और रायपुर से विशाखापट्टनम वाले एक्सप्रेस-वे जुड़ेंगे
इससे दिल्ली से लखनादौन और भारतमाला प्रोजेक्ट के तहत बन रहे रायपुर से विशाखापट्टनम वाले एक्सप्रेस-वे जुड़ जाएंगे। वैसे एनएचआई के अफसर ऐसा मार्ग चुनना चाहते हैं, जहां जंगल कम हो। सरकारी जमीन अधिक हो, निजी निर्माण ज्यादा न तोड़ने पड़ें। निजी जमीन का ज्यादा अधिग्रहण न करना पड़े।
जबलपुर से मंडला के लिए एक नई सड़क
लखनादौन से रायपुर आने वाले एक्सप्रेस-वे से जबलपुर के निवासियों और व्यापारियों के लिए फायदेमंद रहेगी। इससे जबलपुर से मंडला के लिए एक नई सड़क मिलेगी, जिससे रायपुर आना-जाना आसान हो जाएगा। मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में कारोबार बढ़ेगा।