छिंदवाड़ा। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने आज अपने जन्मदिन के अवसर पर सबसे पहले सिमरिया में हनुमान और समस्त देवी देवताओं की पूजा अर्चना की। इसके बाद वे छिंदवाड़ा में स्थानीय नेताओं के साथ मुलाकात कर रहे हैं। कमलनाथ के जन्मदिन पर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार समेत कांग्रेस के अन्य नेताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।
सिंघार ने एक्स पर लिखा कि कमलनाथ की राजनीतिक कार्यप्रणाली और कांग्रेस के प्रति समर्पण भाव हर कार्यकर्ता के लिए प्रेरणा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने लिखा है कि कमलनाथ के अनुभव और नेतृत्व से प्रदेश को हमेशा प्रेरणा मिलती है। उधर कमलनाथ के बेटे और पूर्व सांसद नकुलनाथ ने भी अपने पिता के जन्मदिन को लेकर एक्स पर ट्वीट किया है।
नकुलनाथ ने लिखा है कि सिद्धेश्वर हनुमान मंदिर सिमरिया पहुंचकर भगवान हनुमान महाराज के दर्शन कर सुखमय एवं दीर्घायु जीवन की प्रार्थना की। कमलनाथ राजीव भवन छिंदवाड़ा में कांग्रेस द्वारा आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान धर्म गुरुओं का सम्मान किया गया।
इसके अलावा सचिन सुभाष यादव, केके मिश्रा, नितेंद्र सिंह राठौर, जयवर्धन सिंह, पीसी शर्मा, सज्जन सिंह वर्मा समेत अन्य कांग्रेस नेताओं ने कमलनाथ को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं।
तीन दिन से छिंदवाड़ा में हैं कमलनाथ
पूर्व सीएम कमलनाथ तीन दिन से छिंदवाड़ा में हैं। यहां वे छिंदवाड़ा के अधिवक्ताओं और अन्य राजनीतिक व सामाजिक कार्यक्रमों में शामिल हुए हैं। छिंदवाड़ा जाने से पहले नाथ दो घंटे के लिए भोपाल में भी रुके थे जहां उनका मुकुट पहनाकर स्वागत किया गया था।