भोपाल। मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्रियों और राजनेताओं के विदेश दौरे को लेकर अलग तरह की जंग छिड़ गई है। इस बीच कांग्रेस ने पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान के विदेश दौरे को लेकर बड़ा दावा किया है। कांग्रेस मीडिया प्रभारी मुकेश नायक ने कहा कि तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के अमेरिका दौरे पर जितना खर्च हुआ, उतना भी निवेश नहीं आया। यह मैं दावे के साथ कह सकता हूं। यदि खर्च के बराबर निवेश आया है तो मैं राजनीति छोड़ दूंगा।
राजनीति तो जनता छुड़वा चुकी है बीजेपी
कांग्रेस के दावे पर भाजपा ने तंज कसा है। बीजेपी प्रवक्ता मिलन भार्गव ने कहा कि राजनीति छोड़ने की तो बात ही न कहें, वो तो जनता छुड़वा चुकी है। बीजेपी सरकार के मुख्यमंत्री विदेश जाते हैं तो निवेश लेट हैं। राहुल गांधी विदेश जाते हैं तो देश विरोधी गुप्त वार्ताएं करते हैं।
जीतू पटवारी ने सीएम के विदेश यात्रा पर कसा था तंज
गौरतलब है कि पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने कहा, सीएम मोहन यादव लंदन जाकर भी केवल राम और लक्ष्मण की ही बात करेंगे। विदेश में भी धर्म की बात करेंगे। इन्वेस्ट को लेकर मध्यप्रदेश सरकार की कोई रणनीति नहीं। इस पर भाजपा ने पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस का सनातन विरोधी चेहरा एक बार फिर सामने आ गया।