बागली तहसील अंतर्गत संचालित पीएम श्री हायर सेकेंडरी स्कूल कमलापुर में मंगलवार को पूर्व छात्र सम्मेलन आयोजित किया गया। इस आयोजन के माध्यम से एक बार फिर से पुराने सहपाठियों और शिक्षकों को आपस में जोड़ने का मंच प्रदान किया।
इस सम्मेलन में 1972 से 1990 तक के पूर्व छात्र, प्राचार्य एवं शिक्षक शामिल हुए। सभी ने अपने बीते दिनों की यादें ताजा कीं और विद्यालय के प्रति अपने योगदान का संकल्प लिया। कार्यक्रम में बीइओ बागली नारायण भंडोले, पूर्व प्रधानाध्यापक मदनलाल उपाध्याय, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि बहादुर सिंह सेंधव, प्राचार्य अनंत नागर उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की पूजन एवं दीप प्रज्वलन कर हुआ। विद्यालय स्टाफ ने पूर्व छात्रों और अतिथियों का स्वागत किया। इस दौरान विद्यालय के लिए गर्व का क्षण रहा, क्योंकि पूर्व छात्र आज विभिन्न क्षेत्रों में सफलता की ऊंचाइयों को छू रहे हैं। इस दौरान बी एस डब्लू ग्रुप व्दारा स्कूल परिसर में पौधरोपण भी किया गया।