सीधी। शासकीय हाई एवं हायर सेकेन्डरी स्कूलों में अध्ययनरत विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति रूचि जागृत करने उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने और विभिन्न चमत्कारिक घटनाओं के पीछे निहित विज्ञान के बारे में जागरूक करने के उद्देश्य से जादू नहीं विज्ञान है कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय स्तर पर नियमित रूप से किया जा रहा है। इन गतिविधियों के माध्यम से जहां विद्यार्थियों में विज्ञान विषय के प्रति अरूचि या डर दूर होकर रूचि जागृत होती है वही विद्यार्थियों के माध्यम से जनसामान्य के बीच व्याप्त अंधविश्वास को दूर करने में भी मदद मिलती है। विज्ञान के चमत्कारों के माध्यम से स्कूली बच्चों का ज्ञानवर्धन करना, विज्ञान के प्रति जागरूकता उत्वन्न करना, प्रयोगो को समझाने हेतु सरल बनाना एवं जन सामान्य में व्याप्त अंधविश्वास को दूर करना। यही इस कार्यक्रम का मुख्य एवं व्यापक उद्देश्य है।
एपीसी रमसा डॉ सुजीत मिश्र ने जानकारी देते हुए बताया कि 16 नवंबर को शा.उ.मा.वि.क्रमांक-2 सीधी में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 140 विद्यार्थी 28 मार्गदर्शी शिक्षक शामिल हुये जिसमे 17 विद्यालयों मडवा, भरूही, खिरखोरी, कमछ, पथरौला, सी.एम.राईज मझौली, मॉडल मझौली, पोडी, कन्या सीधी, मॉडल कुसमी, उपनी, मॉडल रामपुर नैकिन, पनवार, पटपरा, अमिलिया, डॉगा, पोखरा के विद्यार्थियों ने कार्यक्रम प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने ढोंगी पाखण्डी बाबा गॉव की भोली भाली जनता के बीच विज्ञान की चमत्कारिक घटनाओं को कैसे तोड़ मंडोर कर अपने को सिद्ध बाबा बताते है, उनके घर के भूत को भगाने उनकी समस्याओं को दूर करने का वादा कर उन्हे अपने झांसे में ले आते है और ठग लेते है। जबकि यह विज्ञान की चमत्कारिक घटनायें है। विज्ञान में भूत का कोई अस्तित्व नहीं है। जिला स्तरीय कार्यक्रम में छात्रों ने वैज्ञानिक तरीके से नारियल की जटा में आग लगाना, पीलिया झाडना, नीबू काटने पर खून निकलना, पानी में आग लगाना, पानी को चलनी में रोकना, आग से नही जलने वाली रूमाल, कोका कोला को रंगहीन करना आदि प्रदर्शन किया।
उपनी विद्यालय की नाटिका जिले में रही प्रथम-
उत्कृष्ट विद्यालय सीधी के शिक्षक डॉ सुधाकर धर द्विवेदी, अमरवाह के डॉ हेमांगद शुक्ला और मॉडल मझौली की कंचन तिवारी ने सभी 17 विद्यालय के विद्यार्थियों के प्रस्तुकीकरण पश्चात शा.उ.मा.वि. उपनी के विद्यार्थियों के नाटिका को प्रथम स्थान, पनवार द्वितीय एवं उत्कृष्ट विद्यालय मझौली तृतीय स्थान प्राप्त किया।
जिला स्तरीय कार्यशाला में राजेश सिंह प्राचार्य जमुआ न1, कृष्णा मिश्रा, बीरेन्द्र कुमार वर्मा, कमलापति गौतम, राकेष शुक्ला, कुमारी रचना टांडिया, कुमारी कंचन तिवारी, हेमांगद शुक्ला, बालेन्दु शेखर दुबे, संजय सोनी द्वारा विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया गया। जिला शिक्षा अधिकारी डॉ पी.एल. मिश्रा द्वारा प्रथम, द्वितीय, तृतीय स्थान प्राप्त विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य एस.एन. त्रिपाठी, प्रवीण शुक्ला, डॉ सुजीत मिश्रा एपीसी रमसा एवं विभिन्न विद्यालय के शिक्षक उपस्थित रहे।