सीधी। एपीसी रमसा डॉ सुजीत मिश्र ने जानकारी देते हुए बताया कि जिलें के स्कूली छात्रों को एक शानदार मौका मिलने वाला है। स्कूल शिक्षा विभाग अर्न्तराष्ट्रीय गीता महोत्सव अंतर्गत इस्कॉन मंदिर उज्जैन के समन्वय से गीता और श्री कृष्ण से सम्बंधित प्रतियोगिता का आनलाईन क्विज के रूप में आयोजन किया जा रहा है। जिसमें भगवान श्री कृष्ण के जीवन से जुड़े सवाल पूछे जायेगे। इस प्रतियोगिता का नाम वैल्यू एजुकेशन कान्टेस्ट रखा गया है। प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्रों में स्थाई नैतिक मूल्यों का संचार करना, चरित्र निर्माण को प्रेरित करना और आज के युवाओं में व्याप्त विभिन्न व्यसनों के खतरो के बारे में जागरूकता फैलाना है।
जिला स्तर पर आनलाईन प्रतियोगिता 26 नवम्बर को कक्षा 9वी, 27 नवम्बर को कक्षा 10वीं, 28 नवम्बर को कक्षा 11वीं, एवं 29 नवम्बर को कक्षा 12वीं की प्रतियोगिता आयोजित की जायेगी। सभी प्रतियोगिताएं दोपहर 12 बजे से 01 बजे तक केवल स्कूल में आयोजित होगी। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता 11 दिसम्बर को आयोजित की जायेगी। राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त विद्यार्थी को एक लाख रूपये, द्वितीय स्थान प्राप्त को इक्यावन हजार रूपये और तृतीय स्थान वाले को इक्कीस हजार रूपये पुरस्कार के रूप में प्रदान किये जायेंगे। पंजियन एवं प्रतियोगिता की लिंक 19 नवंबर को भेजी जायेगी। जिला शिक्षा अधिकारी सीधी ने समस्त प्राचार्यों को इस संबंध में पत्र जारी किया है।