आलीराजपुर। शिवराज सरकार के कार्यकाल में स्कूटी और लैपटॉप देने की योजना का लाभ कक्षा 12वीं के बोर्ड में अव्वल आने वाले विद्यार्थियों को अभी तक नहीं मिला है। करीब 7 माह का समय बीत जाने के बाद भी आदिवासी अंचल के छात्रों को इंतजार है। जिला शिक्षा अधिकारी अर्जुन सिंह सोलंकी ने बताया कि अभी तक भोपाल से कोई सूची नहीं आई है।
पिछले वर्ष जिले में 164 छात्रों को लैपटॉप योजना का लाभ मिला था। मध्यप्रदेश के सरकारी स्कूलों के 12वीं बोर्ड में अव्वल आने वाले विद्यार्थियों को स्कूटी और 75 प्रतिशत अंक लाने वाले विद्यार्थियों को 25 हजार रुपए लैपटॉप खरीदने राशि सरकार देती थी, लेकिन प्रदेश में सरकार के मुखिया बदलते ही इसको लेकर अब तक कोई आदेश जारी नहीं किए गए हैं।
जबकि इस वर्ष परीक्षा परिणाम आए अब तक 7 महीने बीत चुके हैं लेकिन सरकार ने स्कूल के मेधावी बच्चों को स्कूटी और लैपटॉप के लिए 25 हजार रुपए देने की स्वीकृति अब तक प्रदान नहीं की है। जिससे इस पर अब भी संशय बना है।जयस जिला अध्यक्ष अरविंद कनेश ने बताया कि मेधावी प्रोत्साहन योजना के तहत पूर्व में मेधावी विद्यार्थियों को स्कूटी और लैपटॉप खरीदने राशि दी जाती थी। वह इस वर्ष परीक्षा परिणाम आने के बाद अब तक नहीं मिली है। हमारी मांग है कि सरकार, मेधावी प्रोत्साहन योजना के तहत लैपटॉप और स्कूटी योजना का लाभ सभी पात्र विद्यार्थियों को जल्द से जल्द दिलाए ताकि विद्यार्थियों को इसका लाभ मिल सके।