रतलाम। 7 सराफा व्यापारियों का करीब 3 करोड़ रुपए का सोना लेकर भागे ज्वेलर जीवन सोनी को एक माह 11 दिन बीतने के बाद भी पुलिस पकड़ नहीं पाई है। धीमी कार्रवाई से नाराज रतलाम के सराफा एसोसिएशन ने आज (मंगलवार) दोपहर 12 बजे तक अपना कारोबार बंद रखा विरोध जताया। साथ ही हाथों में जीवन सोनी के गिरफ्तार करने की तख्तियां लेकर रैली निकाल कलेक्ट्रेट पहुंचे और सीएम डॉ. मोहन यादव के नाम ज्ञापन एडीएम डॉ. शालिनी श्रीवास्तव को सौंपा।
बता दें कि शहर के चांदनी चौक बोहरा बाखल में ज्वेलरी की दुकान संचालित करने वाला जीवन सोनी 8 अक्टूबर को ग्राहकों को आभूषण दिखाने के नाम पर बड़े व्यापारियों से गहने लेकर गया। लेकिन वापस लौटाने रात तक नहीं पहुंचा। दुकान पर ताला मिला, तब से लेकर आज तक जीवन सोनी फरार है। सराफा व्यापारियों की शिकायत पर माणकचौक पुलिस ने जीवन सोनी के खिलाफ केस दर्ज कर रखा है। लेकिन आज तक वह नहीं मिला।
तहसीलदार आए तो कहा कलेक्टर आएंगे
सराफा व्यापारी कलेक्ट्रेट के बाहर अपने वाहन खड़े कर पैदल पहुंचे। जमकर नारेबाजी की। तहसीलदार ऋषभ ठाकुर ज्ञापन लेने आए, लेकिन व्यापारी कलेक्टर को बुलाने की मांग पर अड़ गए। कुछ देर तक कलेक्टर नहीं आए तो सभी कलेक्ट्रेट की सीढ़ियों पर बैठ गए। बाद में अपर कलेक्टर डॉ. शालिनी श्रीवास्तव आईं, उन्होंने व्यापारियों से बात की और ज्ञापन लिया।
पुलिस ध्यान नहीं दे रही
सौंपे गए ज्ञापन में पुलिस प्रशासन की धीमी कार्रवाई पर सवाल उठाए। बताया कि रतलाम शहर की पहचान स्वर्ण नगरी के रूप में देश में पहचानी जाती है। यहां पर सुव्यवस्थित तरीके से व्यापारिक लेनदेन होता है। जीवन सोनी करीब 1800 ग्राम अलग-अलग दुकानों से गहने और 3 से 5 किलो चांदी के आभूषण बाजार के व्यापारियों ग्राहकों को दिखाने ले गया। लेकिन वापस नहीं लौटाए। थाने पर शिकायत भी की।
फरार हुए एक माह 11 दिन हो गए हैं। लेकिन पुलिस प्रशासन की कार्रवाई में अभी तक कोई परिणाम सामने नहीं आया है। इस कारण व्यापारियों में रोष है। सराफा एसोसिएशन अध्यक्ष झमक भरगट ने बताया कि पुलिस आरोपी जीवन सोनी को शीघ्र गिरफ्तार नहीं करती है तो एसोसिएशन उग्र आंदोलन करेगा। भोपाल सीएम हाउस पर आमरण अनशन करेंगे।
कुछ व्यापारियों को कलेक्टर से मिलवाने की बात कही तो व्यापारी मान गए। बाद में व्यापारियों ने कलेक्टर राजेश बाथम के चौंबर में पहुंच मुलाकात की। व्यापारियों ने जीवन सोनी की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।