आष्टा। मध्य प्रदेश के आष्टा में एक दिन पूर्व एक चार वर्षीय बालक तीसरी मंजिल से गिर गया था। जिसके बाद परिजन उसे सिविल अस्पताल आष्टा लेकर आए थे। जहां पर ड्यूटी डॉक्टर द्वारा उचित इलाज नहीं किया और उसे रेफर कर दिया। जिससे उसकी इंदौर जाते समय रस्ते में ही मौत हो गई। जिससे गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने एसडीएम को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा है।
परिजनों ने पहले तो अस्पताल में हंगामा किया। मामला बढ़ता देख तहसीलदार और पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों ने बताया कि, डॉक्टर की लापरवाही से बालक की मौत हो गई। अगर उसे समय पर इलाज मिल जाता तो आज वो जिंदा होता। इसी से आक्रोशित लोगों ने आज अस्पताल के खिलाफ नारेबाजी करते हुए एसडीएम स्वाति उपाध्याय मिश्रा को ज्ञापन सौंपा है। जिसमें अस्पताल की व्यवस्थाओं को सुधारने एवं लापरवाह डॉक्टर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। घटना से गुस्साए लोगों ने सिविल अस्पताल में चल रही लापरवाही को लेकर गंभीर आरोप लगाए है।
एसडीएम स्वाती उपाध्याय ने प्रेस को जानकारी देते हुए कहा कि, जल्दी ही घटना की जांच की जाएगी। लापरवाही बरतने वाले के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। क्योंकि जिस प्रकार से डॉक्टर पर आरोप लगाए हैं उनका ब्लड सैंपल लिया गया है। रिपोर्ट आने पर उचित कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल राजस्व विभाग द्वारा भी अस्पताल की मॉनिटरिंग जा रही है। जहां कोई कमी नजर आएगी उसे दूर किया जाएगा।