नीमच। नगर पालिका परिषद द्वारा आज उपनगर नीमच सिटी में पिपली चौक से प्रताप चौक तक के डामरीकरण कार्य का शुभारंभ किया गया। यह रोड 22 लाख रुपए की लागत से निर्मित होना है। मीडिया से चर्चा में विधायक दिलीप सिंह परिहार ने कहा कि शहर को विकास के पथ पर आगे ले जाना हमारी प्राथमिकता है। वार्ड नंबर 1 से 6 तक के डामरीकरण कार्य के शुभारंभ कार्यक्रम में स्वाति चोपड़ा ने कहा कि अब नीमच नई उड़ान भरेगा। रोड मजबूत और चौड़े बनेंगे। हम कर्म पथ पर आगे बढ़ते रहेंगे। सेवाभाव से शहर को सुंदर बनाएंगे।
कार्यक्रम को हेमलता धाकड़, दारा सिंह यादव, रामचंद्र धनगर, सोनू राठौर, ज्योति यादव, राकेश किलोरिया ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता संतोष चोपड़ा ने कहा कि मैं विश्वास दिलाता हूं कि नीमच में सड़कों का जाल बिछाया जाएगा अभी तक वर्तमान नगर पालिका परिषद द्वारा 70-80 नए रोड बनाए गए है। आगामी 6 माह में 25 रोड और बनाने की योजना है। रोड के निर्माण कार्य का शुभारंभ पूजा अर्चना और मंत्रोच्चार के साथ किया गया।
कार्यक्रम के दौरान पार्षद रामचंद्र धनगर द्वारा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी पर की गई टिप्पणी को कांग्रेस पार्षद ज्योति यादव खामोशी से सुनती रही। कार्यक्रम का संचालन विजय बाफना ने किया। आभार कन्हैया लाल शर्मा ने व्यक्त किया।