इंदौर। रामबाग श्मशान घाट में गुरुवार रात सुंदरकांड पाठ का आयोजन हुआ। शाम से ही भक्त यहां आने लगे, जिससे मुक्तिधाम भक्तों के जमावड़े से भर गया। दरअसल, भैरव अष्टमी के अवसर पर यहां तीन दिवसीय भैरव जन्मोत्सव मनाया जा रहा है। पहले दिन, गुरुवार रात करीब साढ़े 7 बजे सुंदरकांड पाठ शुरू हुआ।
महिलाओं ने लगाई हल्दी-मेहंदी, लाइटिंग से रोशन हुआ मुक्तिधाम
सुंदरकांड से पहले महिला भक्तों ने बाबा को हल्दी-मेहंदी लगाई और उनका सुंदर श्रृंगार किया। बाबा को विभिन्न प्रकार के व्यंजन और मिठाई का भोग अर्पित किया गया। यह भोग घाटों पर लगाया गया। पूरे श्मशान घाट को लाइटिंग से रोशन किया गया, वहीं अंतिम संस्कार स्थल (घाटों) पर दीपक प्रज्वलित किए गए। यह मंदिर रामबाग मुक्तिधाम के अंदर स्थित है। हर साल भैरव जन्मोत्सव के अवसर पर यहां भव्य आयोजन किए जाते हैं।
महिला-पुरुष भक्त हुए शामिल
सुंदरकांड के इस आयोजन में बड़ी संख्या में महिला और पुरुष भक्त शामिल हुए। सुंदरकांड के साथ ही भजनों का आयोजन हुआ, जिनका भक्तों ने आनंद लिया। मंदिर के पुजारी दिलीप माने ने बताया कि भैरव अष्टमी के अवसर पर तीन दिवसीय भैरव जन्मोत्सव आयोजित किया जा रहा है। पहले दिन सुंदरकांड का आयोजन किया गया, जो रात करीब 12 बजे तक चलेगा।
कल निकलेगी सवारी
शुक्रवार को मुक्तिधाम से शाम को बाबा की भव्य सवारी निकाली जाएगी, जो विभिन्न मार्गों से होकर वापस मुक्तिधाम पर समाप्त होगी। आयोजन के तीसरे दिन, शनिवार को मुक्तिधाम में भंडारे का आयोजन होगा, जहां बड़ी संख्या में भक्त प्रसाद ग्रहण करेंगे।