डबरा (ग्वालियर) मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के डबरा में ड्रग विभाग की टीम ने बिना लाइसेंस की चल रही दवा फैक्ट्री पर छापामार कार्रवाई की है। यहां बड़ी मात्रा में बॉडी ग्रोथ करने वाली दवाइयां, पाउडर, इंजेक्शन जब्त की गई है।
जानकारी के मुताबिक डबरा के इटावा होटल के पीछे एकांत स्थान पर बने मकान में यह दवा की फैक्ट्री संचालित हो रही थी। बल्ला डेरा स्थित गोदाम को भी प्रशासनिक टीम ने सील कर दिया है। यह फैक्ट्री धीरज शर्मा नाम के व्यक्ति द्वारा संचालित की जा रही है। इस दौरान मौके पर तहसीलदार विनीत गोयल, एसडीओपी विवेक शर्मा, ड्रग इंस्पेक्टर अनुभूति शर्मा सहित फूड विभाग की टीम मौजूद रही।
ग्वालियर ड्रग इंस्पेक्टर अनुभूति शर्मा ने बताया कि विभाग को सूचना प्राप्त हुई थी, कि यहां धीरज शर्मा द्वारा कुछ मल्टीविटामिन्स टेबलेट और प्रोटीन सप्लीमेंट्स का कार्य किया जा रहा है। जिसके बाद औषधि खाद विभाग की टीम ने पहुंचकर यहां जांच की थी। जांच के दौरान बिना लाइसेंस के फैक्ट्री चलाना पाया गया है। मौके से बड़ी मात्रा में बॉडी ग्रोथ करने वाली दवाइयां,पाउडर, इंजेक्शन जब्त किए गए है,जिनके सैंपल जांच के लिए भेजे जाएंगे। कुछ भी गलत पाया जाता है तो फिर आगे कार्रवाई की जाएगी।