सिंगोली। क्षेत्र के दिव्यांगों ने प्रदेश सरकार की वादा खिलाफी के विरुद्ध भोपाल स्थित शाहजहानी पार्क में धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। गत विधानसभा चुनाव से पूर्व सरकार द्वारा दिव्यांगो की पेंशन राशि बढ़ाने का वादा किया था, जिस पर अब तक अमल नहीं किया गया है। इस बाबत दिव्यांग ज्योति संस्थान के सिंगोली तहसील इकाई सदस्य श्यामलाल धाकड़ ने शुक्रवार शाम भोपाल से जानकारी देते हुए बताया कि सिंगोली तहसील इकाई के दिव्यांगों ने गत अक्टूबर माह में तहसील कार्यालय पर धरना प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन दिया था।
ज्ञापन में गत विधानसभा चुनाव में दिव्यांगों की पेंशन राशि 600 से बढ़ाकर 1500 करने के वादे सहित 17 सूत्रीय मांगों को पूरा करने की मांग की गई थी।
ज्ञापन में 15 नवंबर तक पेंशन न बढ़ाने पर 21 नवंबर से भोपाल में अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन करने की चेतावनी दी गई थी। लेकिन 15 नवंबर तक मांगे पूरी नहीं होने पर सभी दिव्यांगों ने 21 नवंबर को भोपाल पहुंचकर धरना प्रदर्शन शुरू किया।
हालांकि शुक्रवार को मुख्यमंत्री के निज सचिव जितेंद्र श्रीवास्तव की ओर से आश्वासन मिला है कि उनकी मांगों को शीघ्र ही पूरा किया जाएगा। फिलहाल दिव्यांगों की ओर से धरना प्रदर्शन स्थगित कर दिया गया है, लेकिन 30 नवंबर तक मांगे पूरी न होने पर 3 दिसंबर से पुनः धरना प्रदर्शन करने की चेतावनी भी दे दी गई है।