नर्मदापुरम। शहर के कोठी बाजार में फर्जी कॉल सेंटर चलाकर शेयर बाजार में निवेश के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को पुलिस शुक्रवार रात को उज्जैन ले गई। उससे पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात को उज्जैन पुलिस ने आरोपी संजय प्रजापति के कोठी बाजार में किराए के रूम में संचालित फर्जी कॉल सेंटर पहुंची। इस दौरान एक कमरे में चलने वाले कॉल सेंटर में पुलिस ने लगभग डेढ़ घंटे तक जांच की। आरोपी से पूछताछ कर कॉल सेंटर की वीडियोग्राफी की गई।
वहीं कंप्यूटर की हार्ड डिस्क सहित अन्य उपकरण जब्त कर कॉल सेंटर में काम करने वाले युवतियों को भी बुलाया। पुलिस ने कुल 14 मोबाइल जब्त किए है। जिनमें 5 कीपैड मोबाइल और 2 पर्सनल मोबाइल आरोपी संजय के है। बाकी 7 मोबाइल में से 4 मोबाइल कॉल सेंटर पर काम करने वाली 4 युवतियों के है। वहीं 3 मोबाइल किसके है फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है।
शेयर ट्रेडिंग के नाम पर ठगी करने के अपराध में पुलिस संजय प्रजापति के अलावा युवतियों को भी आरोपी बना सकती है। फिलहाल में आरोपी संजय को एक दिन की कोर्ट से पुलिस रिमांड पर नर्मदापुरम लाया गया था।
हार्ड डिस्क, लैपटॉप और अन्य दस्तावेज जब्त
नर्मदापुरम में कोठी बाजार में किराए के रूम में संचालित फर्जी कॉल सेंटर से पुलिस ने हार्ड डिस्क, लैपटॉप अन्य दस्तावेज जब्त किए। कॉल सेंटर पर काम करने वाली युवतियों के बयान लिए। जिसके बाद देर रात को पुलिस आरोपी संजय प्रजापति को उज्जैन लेकर रवाना हुई। शनिवार को पुलिस उसे कोर्ट पेश करेगी।
पुलिस के अनुसार नर्मदापुरम कोठी बाजार में बरेली निवासी संजय प्रजापति शेयर मार्केट का कॉल सेंटर संचालित कर रहा था। यहां उसने कॉलिंग के लिए 5 से 7 हजार रुपए महीने में 6, 7 युवतियों को नौकरी पर रखा था।
आरोपी संजय ने उज्जैन निवासी ऋतिक मालवीय को 4 अक्टूबर को इन्वेस्टमेंट ग्रोथ कंपनी पुणे के हेड ऑफिस के नाम से फोन किया था। उसका फर्जी डी-मेट अकाउंट खोलकर शेयर बाजार में तीन बार में 50 हजार रुपए जमा करवाए।