बुरहानपुर। सिंधी बस्ती स्थित श्री सोईचना दरबार साहिब में इन दिनों परम पूज्य बाबा 108 अमरदास उदासी का 49 वां वर्सी उत्सव मनाया जा रहा है। इसमें शामिल होने के लिए देशभर से काफी संख्या में सिंधी समाजजन बुरहानपुर पहुंचते हैं। इस साल भी काफी संख्या में समाजजन पहुंचे हैं। 3 दिसंबर से उत्सव की शुरुआत हुई है। समापन 6 दिसंबर को होगा। इस दौरान यहां हर रोज अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं। 5 दिसंबर गुरूवार (आज) दोपहर एक बजे से भंडारा होगा। समाजजन यहां आकर मन्नत मांगते हैं।
वर्सी उत्सव के तहत पहले दिन गुरूग्रंथ साहिबजी का अखंड पाठ, मूर्ति साहिब की शोभायात्रा, प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा धार्मिक कार्यक्रम पेश किए गए। दूसरे दिन बुधवार को जनेउ संस्कार, रात में प्रसिद्ध कलाकारों के कार्यक्रम और 5 दिसंबर को सुबह 11 बजे अखंड पाठ साहब की समाप्ति होगी। इसके बाद भंडारा आयोजित होगा। रात में प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा धार्मिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। वहीं 6 दिसंबर को सुबह 10 बजे वर्सी साहिब का पल्लव व समापन होगा।
कलाकार दे रहे धार्मिक कार्यक्रमों की प्रस्तुत
समाज संरक्षक लालचंद जेठवानी, अध्यक्ष गोरधनदास वाधवानी, सह सचिव मनोज जिवतानी ने बताया कि आयोजन में महंत स्वामी माधवदास (उदासी खंडवा), महंत स्वामी मानवदास (मैहर), खरनदास मोहनधाम (चालीसगांव), गोपीचंद जग्वासी (बुरहानपुर) आदि शामिल हो रहे हैं। इसके अलावा कटनी की बालक मंडली के गोवरधनदास व दिलीप कुमार, लख्मीचंद म्युजिकल पार्टी (कोटा) के कलाकार सहित अन्य कलाकार हर रोज धार्मिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर रहे हैं।