नीमच। जिले के रामपुरा तहसील कार्यालय के समीप नीमच-झालावाड़ मार्ग पर शुक्रवार सुबह गांव हतुनिया के ग्रामीणों ने एक युवक के शव को रखकर चक्का जाम कर दिया। दरअसल युवक की गुरुवार रात में सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। युवक निर्माणाधीन ग्रीन को कंपनी में सिक्योरिटी का कार्य करने वाली कंपनी के अधीन सिक्योरिटी गार्ड का काम करता था।

युवक मनोहर पिता नंदलाल मालवीय उम्र 36 वर्ष अपने गांव हतुनिया से रोजाना की तरह खिमला स्थित एक कंपनी के निर्माणाधीन ग्रीनको कंपनी की इकाई पर सिक्योरिटी गार्ड की ड्यूटी करने जा रहा था। इसी दौरान रामपुरा के पुराने बस स्टैंड के समीप झालावाड़ की ओर से आ रहे दूसरे बाइक सवार से उसकी बाइक की भिड़ंत हो गई। इस हादसे में उसकी की मौत हो गई।

शुक्रवार को सुबह मृतक के शव का रामपुरा के शासकीय चिकित्सालय में पोस्टमॉर्टम किया गया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों के सुपूर्द कर दिया गया। मगर परिजनों ने शव ले जाकर तहसील कार्यालय के समीप नीमच-झालावाड़ मार्ग पर रखकर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों के चक्काजाम की सूचना पर तहसीलदार सहित पुलिस के अधिकारी और पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों से चर्चा की।
ग्रामीणों और परिजनों का कहना था कि मृतक के परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए। क्योंकि वह परिवार में कमाने वाला इकलौता व्यक्ति था। परिजनों का आरोप है कि हादसे के बाद कंपनी की ओर से किसी भी प्रतिनिधि ने ना तो जाकर परिजनों का हाल-चाल जाना ना ही किसी तरह की कोई आर्थिक मदद की बात कही। परिजनों ओर ग्रामीणों ने मांग की है कि कंपनी मृतक के परिवार को उचित मुआवजा दें।
