उज्जैन। देशभर से सिंहस्थ महापर्व 2028 में आने वाले संत-महंत और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर शिप्रा नदी के त्रिवेणी घाट से लेकर केडी पैलेस तक 29.21 किमी लंबे घाटों का निर्माण किया जाना है।
गुरुवार सुबह कलेक्टर नीरज कुमार सिंह ने कोहरे के बीच नाव में बैठकर शिप्रा नदी के घाटों की स्थिति का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने घाटों के चौड़ीकरण का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए हैं।गुरुवार सुबह करीब 7 बजे कलेक्टर नीरज कुमार सिंह त्रिवेणी घाट पहुंचे। यहां से नाव में सवार होकर गऊ घाट, लालपुर ब्रिज रपट होते हुए भूखी माता घाट से रामघाट और केडी पैलेस तक करीब 29 किमी घाटों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर सिंह ने जल संसाधन विभाग के कार्यपालन यंत्री मयंक सिंह और अन्य संबंधित अधिकारियों को श्रद्धालुओं के आवागमन की सुविधा के लिए घाटों के चौड़ीकरण, घाटों के पहुंच मार्गों को पक्का करने, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए घाटों की सीढ़ियों को मापदंडों के अनुसार चौड़ा बनाने, घाटों की स्वच्छता और सफाई पर विशेष ध्यान देने और फिसलन से श्रद्धालु घायल न हों, इसके लिए मापदंडों के अनुसार डीपीआर जल्द तैयार करवाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ जयति सिंह, होमगार्ड कमांडेंट संतोष कुमार जाट, जल संसाधन विभाग के एसडीओ योगेश और अन्य अधिकारी उपस्थित थे।