भोपाल। मध्य प्रदेश को जल्द ही एक और एयरपोर्ट की सौगात मिलेगी। सतना में एयरपोर्ट की बिल्डिंग बनकर तैयार है। उद्घाटन के बाद सतना से उड़ानें शुरू होंगी। पीएम श्री वायु सेवा के तहत उड़ान भरेंगे। सतना एयरपोर्ट प्रदेश का सातवां एयरपोर्ट होगा।
सतना एयरपोर्ट अब पूरी तरह से बनकर तैयार हो गया है। यह एयरपोर्ट क्षेत्रीय कनेक्टिविटी और पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विकसित किया गया है। इस नई पहल से पर्यटकों को सतना और इसके आसपास के प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों तक पहुंचने में आसानी होगी, यहां से जल्द ही पीएम श्री पर्यटन वायु सेवा के तहत उड़ानों का भी संचालन शुरू किया जाएगा। हालांकि, यहां से सप्ताह में दो दिन के लिए वायु सेवा का शेड्यूल जारी कर दिया गया था, लेकिन सतना एयरपोर्ट के निकट भविष्य में उद्घाटन की वजह से वायु सेवा बुधवार व रविवार को सतना की जगह रीवा सिंगरौली से संचालित की जा रही है।
मोहन सरकार की प्रमुख योजना
पीएम श्री पर्यटन वायु सेवा राज्य सरकार की एक प्रमुख योजना है, जिसका उद्देश्य देश के पर्यटन स्थलों को बेहतर हवाई कनेक्टिविटी प्रदान करना है। सतना एयरपोर्ट से जुड़ने वाले रूट्स को विशेष रूप से डिजाइन किया गया है। जिससे घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय पर्यटकों को अधिक सुविधाएं मिल सकेगी। सतना एयरपोर्ट के चालू होने से आसपास के पर्यटन स्थलों, जैसे खजुराहो, चित्रकूट, और मैहर मंदिर तक पहुंचना सुगम होगा। यह क्षेत्र धार्मिक और ऐतिहासिक पर्यटन के लिए प्रसिद्ध है, और अब देश-विदेश के पर्यटक आसानी से इन स्थलों की यात्रा कर सकेंगे।