नीमच। शहर के मारू भांबी समाज के लोगों ने लामबंद होकर नीमच के एसपी कार्यालय पर ज्ञापन देकर धनेरियाकला निवासी मंगल के आत्महत्या केस में जांच की मांग की है। पुलिस अधीक्षक के नाम दिए गए ज्ञापन में नीमच और मंदसौर के मारू भांबी समाज जनों की ओर से कहा गया है कि ग्राम धनेरिया कला के मंगल पिता स्व. कालूराम का विवाह रीना से 9 मई 2019 को हुआ था। विवाह के बाद वह धनेरिया कला आती जाती रही। 15 जून 2023 को आखरी बार धनेरिया कला से जाने के बाद वह कभी नहीं आई। समाज जनों ने बताया कि उसके एक लड़के से संबंध भी थे। उसके द्वारा विवाह विच्छेद का दावा भी लगाया गया। ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि पत्नी द्वारा मंगल को उसके पक्ष में बयान देने के लिए धमकी भी दी जाती थी। जिसके कारण मंगल काफी घबराया हुआ रहता था। समाज जनों ने बताया कि 8 जनवरी 2025 को मंदसौर कुटुंब न्यायालय में तारीख लगी हुई थी। वह मानसिक रूप से परेशान रहकर डरा हुआ था। 7 जनवरी 2025 को मंगल ने पंखे से रस्सी बांधकर आत्महत्या कर ली। ज्ञापन में कहां गया है कि मंगल की मौत के पीछे रीना और भंवरलाल के अवैध संबंध और कोर्ट में झूठे बयान देने की धमकी देने का मुख्य कारण था।मंगल ने 3 महीने पहले ही रीना के खिलाफ पुलिस में आवेदन दिया था, लेकिन पुलिस ने समय पर कोई जांच नहीं की।वह मानसिक तनाव में था और आत्महत्या कर ली। समाजजनों ने पुलिस कप्तान से निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गुहार लगाई है।