हरदा। शासकीय आईटीआई में गुरुवार को एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया। जिसमें 15 कंपनियों को इन्वाइट किया गया था। जिसमें से सिर्फ चार ही कंपनियां मेले में पहुंची।
जिला रोजगार अधिकारी लक्ष्मण सिंह सिलोटे ने बताया कि रोजगार मेले में अलग-अलग कम्पनियों की ओर से प्रशिक्षुकर्मी, मशीन ऑपरेटर, सेल्स एक्ज्युकेटिव, फील्ड ऑफिसर, बीमा अभिकर्ता के पदों पर बेरोजगारों की भर्ती की जाएंगी। लगभग दो सौ लोगों का पंजीयन हो चुका है। जिनमें से करीब 60-70 युवाओं का चयन हुआ है।
हालांकि, मेले में कंपनियों के नहीं आने से बेरोजगार युवाओं को निराशा हुई। उनका कहना है कि हर बार की तरह कुछ गिनी चुनी कंपनियां आई है। अच्छी कंपनियों के आने से रोजगार के अवसर बढ़ते है।
जिले में 25 हजार से ज्यादा शिक्षित बेरोजगार
जिला रोजगार अधिकारी सिलोटे ने बताया कि हम तो बेरोजगार युवाओं को कंपनी से मिलाने के लिए मध्यस्थ का काम करते है।उन्होंने बताया कि सरकारी नौकरी के लिए वैकेंसी ना निकल पाना भी बेरोजगारी का बड़ा कारण रहा है।उन्होंने बताया कि जिले में करीब 25 हजार से अधिक बेरोजगार लोगो का पंजीयन है।