रीवा। प्रयागराज महाकुंभ में आज माघ पूर्णिमा का स्नान जारी है। कई राज्यों के श्रद्धालु एमपी-यूपी बॉर्डर से सटे 4 जिलों रीवा, सतना, मैहर और कटनी के रास्ते प्रयागराज जा रहे हैं, जिससे तीन दिन से जाम लगा हुआ है। बुधवार सुबह से करीब 10 हजार गाड़ियां स्लो ट्रैफिक में फंसी हुई हैं। कटनी में तो प्रशासन ने अनाउंसमेंट कर श्रद्धालुओं को वापस लौटने के लिए कहा है।
सड़क से जाने वाले श्रद्धालु रीवा होते हुए प्रयागराज पहुंचने की मशक्कत कर रहे हैं। रातभर जाम में फंसे कई लोग फुटपाथ पर ही चादर बिछकर सो गए। वहीं, सतना और कटनी रेलवे स्टेशन पैर रखने की जगह नहीं है। आज यानी माघ पूर्णिमा पर श्रृद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ने की संभावना है।
रीवा कलेक्टर प्रतिभा पाल ने बताया, जगह-जगह पर प्रशासनिक और पुलिस की टीम मौजूद है। होल्डिंग प्वाइंट्स पर लोगों के खाने-पीने की सुविधा का ध्यान रखा जा रहा है। छोटे बच्चों के लिए दूध भी उपलब्ध करवाया जा रहा है।
डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल ने बताया कि मुख्यमंत्री मोहन यादव के निर्देश के बाद प्रशासन अपनी तरफ से कुंभ यात्रियों की आवभगत और सुविधा में कोई कसर नहीं छोड़ रहा है। देश के कई राज्यों से श्रद्धालु यहां पहुंच रहे हैं। उन्हें संभालना और सुविधाओं की फिक्र करना थोड़ा कठिन जरूर है, लेकिन प्रशासन इसे भलीपूर्वक कर रहा है।