मैहर। रीवा संभाग के कमिश्नर बीएस जामोद और आईजी साकेत पांडेय ने प्रयागराज महाकुंभ जा रहे श्रद्धालुओं के लिए एनएच-30 पर बनाए गए बैरिकेडिंग प्वाइंट का देर रात निरीक्षण किया। इस दौरान अमरपाटन के सीडीपीओ नागेंद्र तिवारी ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए, जिस पर कमिश्नर ने तत्काल प्रभाव से उन्हें निलंबित कर दिया।
मुख्यमंत्री मोहन यादव के निर्देश पर विशेष निगरानी
रात 11ः30 बजे दोनों वरिष्ठ अधिकारी परसवाही प्वाइंट पर पहुंचे और लगभग 45 मिनट तक वहां तैनात कर्मचारियों से चर्चा की। मुख्यमंत्री मोहन यादव के निर्देश पर कलेक्टर रानी बाटड ने एनएच के दो प्वाइंट पर चार पालियों में अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई थी। सीडीपीओ तिवारी को रात 12 से सुबह 6 बजे तक परसवाही प्वाइंट पर मौजूद रहना था, लेकिन 12ः15 बजे तक वे वहां नहीं पहुंचे, जिसके कारण उनके खिलाफ यह कार्रवाई की गई।
आईजी पांडेय ने यातायात प्रबंधन का मूल्यांकन किया
इससे पहले, कमिश्नर और आईजी ने मैहर में मां शारदा के दर्शन किए और मेला परिसर का निरीक्षण किया। कमिश्नर जामोद ने 70 वर्ष से अधिक उम्र के श्रद्धालुओं के लिए निशुल्क टैक्सी सेवा की व्यवस्था की पहल की। आईजी पांडेय ने बताया कि मैहर से चाकघाट तक का दौरा कर स्थितियों का आकलन किया गया, जहां यातायात पूरी तरह सामान्य पाया गया।
निरीक्षण के दौरान अमरपाटन तहसीलदार आर.डी. साकेत, एसडीओपी एस.के. सिंह और टीआई के.पी. त्रिपाठी भी मौजूद रहे। आईजी ने एसडीओपी और टीआई से हाईवे पर श्रद्धालुओं के वाहनों के सुगम यातायात की जानकारी भी ली।