नीमच। अजाक्स परिवार द्वारा संत शिरोमणि रविदास जी की 648 वी जयंती के अवसर पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित कर शिद्दत से याद किया गया। अजाक्स परिवार द्वारा इस अवसर पर एक बैठक का आयोजन नीमच के अंबेडकर सर्किल स्थित बगीचे में रखी गई। बैठक में 14 अप्रैल 2025 को डॉ भीमराव अंबेडकर के जन्मोत्सव को परंपरागत तरीके से धूमधाम के साथ मनाने का निर्णय भी लिया गया। इस अवसर पर अजाक्स के पदाधिकारियों ने कहा कि युगपुरुष संत रविदास ने समाज में फैली बुराइयों, अंधविश्वास, पाखंड, जातिवाद, उंच नीच, विषमतावादी व्यवस्था को जड़ से उखाड़ फेंकने का सपना देखा। समता मूलक समाज स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अजाक्स के यशवंत गोयल ने बताया कि डॉ भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर 13 अप्रैल को एक शाम भीम के नाम से कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। एक विशाल रैली टाउन हॉल से निकाली जाएगी। इसके बाद भीम सभा का आयोजन भी होगा। बैठक में बड़ी संख्या में अजाक्स के सदस्य मौजूद रहे।