रतलाम। मौसम में लगातार बदलाव बना हुआ है। बुधवार सुबह से हल्की हवा चल रही है। दोपहर में गर्मी का अहसास है। अधिकतम तापमान भी 32 डिग्री पर जा पहुंचा है। 13 फरवरी से सर्दी का एक और दौर आने की संभावना है। हवाओं के रुख के कारण तापमान में कमी भी आ सकती है।
रतलाम में सुबह व रात में ठंड का मौसम बना हुआ है। मौसम विभाग की माने तो गुरुवार से ठंड का एक दौर और आएगा। तापमान में कमी आएगी। पिछले तीन दिन से अधिकतम तापमान 30 डिग्री के पार है। न्यूनतम तापमान भी 10 डिग्री से अधिक की बढ़ोतरी है। बुधवार सुबह से मौसम खुला है। तेज धूप निकली हुई है। इसके साथ हवाएं भी चल रही है। पिछले 24 घंटे रतलाम में अधिकतम तापमान 32.2 व न्यूनतम तापमान 13.0 दर्ज हुआ।
मौसम वैज्ञानिक वीएस यादव के अनुसार 8 फरवरी को एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) उत्तर भारत पहुंचा था। इसके असर के कारण प्रदेश में उत्तर से सर्द हवाएं चल रही थी, जो अब लौट गई है। हवाओं का रुख दक्षिणी हो गया है। इस कारण ठंडी हवा प्रदेश में नहीं आ रही। इस कारण दिन-रात के तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। 13 फरवरी से तापमान में फिर से गिरावट होगी।