भोपाल। गांधी नगर स्थित चिल्ड्रेन्स होप इंडिया गर्ल्स स्कूल में बोर्ड परीक्षा से पहले कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें दसवीं और बारहवीं परीक्षा की तैयारी कर रही छात्राएं शामिल हुईं। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सिद्ध भाऊजी ने सफलता के गुर सिखाए।
सिद्ध भाऊजी ने छात्राओं को स्वस्थ जीवनशैली और अनुशासित दिनचर्या अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सुबह का समय पढ़ाई के लिए सबसे उपयुक्त होता है। मोबाइल का कम इस्तेमाल करें और संतुलित आहार लें। प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए सामान्य ज्ञान बढ़ाएं और नियमित रूप से समाचार पत्र पढ़ें।
उन्होंने छात्राओं को समझाया कि बिना मेहनत के सफलता नहीं मिलती। एक योगी की तरह त्याग और एकाग्रता के साथ पढ़ाई करनी चाहिए। परीक्षा के दौरान जरूरी सामान जैसे एडमिट कार्ड, पेन, पेंसिल, स्केल, पानी की बोतल और मिश्री साथ रखें। प्रश्न पत्र को शांति से पढ़ें और समय प्रबंधन का विशेष ध्यान रखें।
कार्यक्रम में संस्था के सचिव घनश्याम बूलचंदानी, प्राचार्य प्रिया जैन शर्मा, कोऑर्डिनेटर लता आसनानी सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहीं। कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका लीना कसाल ने किया। संत हिरदाराम साहिब द्वारा स्थापित इस संस्थान का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाना और उनमें अच्छे संस्कार विकसित करना है।