भोपाल। केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के छोटे बेटे कुणाल सिंह चौहान आज विवाह बंधन में बंधने जा रहे हैं। भोपाल के होटल ताज में जैन परिवार की बेटी रिद्धि के साथ कुणाल के विवाह की रस्में पूरी होंगी। स्नेह भोज नीलबड़ के पास वाना ग्रीन होटल में होगा।
शादी समारोह में भाग लेने के लिए उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़, केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ सहित छत्तीसगढ़ सरकार के मंत्री और नेता शामिल होंगे।
भोपाल में विवाह समारोह में सीएम डॉ. मोहन यादव, राज्यपाल मंगू भाई पटेल, पूर्व सीएम कमलनाथ, दिग्विजय सिंह, सहित मध्यप्रदेश सरकार के मंत्रियों, सभी विधायकों, सांसदों, केन्द्रीय मंत्रियों और सभी दलों के नेता शामिल होंगे। होटल वाना ग्रीन में होने वाले नेताओं के मूवमेंट को देखते हुए पुलिस और प्रशासन अलर्ट है।कुणाल सिंह चौहान की शादी भोपाल के डॉक्टर इंद्रमल जैन की पोती और संदीप जैन की बेटी रिद्धि से होने जा रही है। शादी हिंदू और जैन परंपराओं के अनुसार होगी।
शिवराज सिंह चौहान ने बेटों की शादी में अपने परिचितों से लेकर देश के वीवीआईपी नेताओं को न्योता दिया है। शादी के आयोजन चार स्तर पर किए हैं। जैत में विदिशा संसदीय क्षेत्र के लोगों को भोज दिया। 14 फरवरी को भोपाल के वाना ग्रीन में मप्र के नेताओं को बुलाया है। कार्तिकेय की शादी के बाद 12 मार्च को भोपाल के जंबूरी मैदान में मध्यप्रदेश के बीजेपी कार्यकर्ताओं, अधिकारियों, और कांग्रेस सहित अन्य दलों के नेताओं को बुलाया है।
18 मार्च को दिल्ली के एयरफोर्स ग्राउंड में कुणाल-कार्तिकेय की शादी के बाद रिसेप्शन रखा है। इस रिसेप्शन में राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से लेकर राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खडगे, अखिलेश यादव, मायावती सहित देश भर के सभी सांसदों, केन्द्रीय मंत्रियों और सभी दलों के प्रमुख नेताओं को बुलाया है।