कसरावद। सीएम राइज माध्यमिक विद्यालय, कसरावद के विद्यार्थियों ने यूथ एंड इको क्लब के तहत निमाड़ लाइब्रेरी और पार्क का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान बच्चों ने विभिन्न प्रकार की पुस्तकों को देखा और उनके महत्व को समझा।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक मोहन यादव के नेतृत्व में शिक्षक रामचंद्र पाटीदार, प्रीति चौधरी, अलका सक्सेना, यास्मीन खान, जमीला खान एवं प्रतिभा तोमर ने विद्यार्थियों को पुस्तकालय और पुस्तकों की जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को अधिक से अधिक पुस्तकें पढ़ने और लाइब्रेरी से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर निमाड़ लाइब्रेरी के सदस्य संजय शर्मा ने बताया कि यह पुस्तकालय तत्कालीन एसडीएम संघ प्रिय के मार्गदर्शन में जनसहयोग से स्थापित की गई थी। इसका उद्देश्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों और अन्य पाठकों को अध्ययन का उपयुक्त वातावरण उपलब्ध कराना है। वर्तमान में शिवम पीपलदे, चंचल वर्मा और राम सांवले समिति के सदस्य एवं स्वयंसेवक के रूप में निःशुल्क सेवाएं देकर पुस्तकालय का संचालन कर रहे हैं।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों सत्यम, विशाल, खुशी, तन्वी, वीर आदि ने लाइब्रेरी की सुविधाओं को देखकर प्रसन्नता व्यक्त की और परिसर में लगे झूलों व बगीचे का आनंद लिया।