शुजालपुर। राजस्व महाअभियान 3.0 के तहत कार्यों में लापरवाही बरतने के आरोप में एसडीएम द्वारा की गई कार्रवाई के विरोध में शुजालपुर के पटवारियों ने अनोखा विरोध दर्ज कराया। नाराज पटवारियों ने एसडीएम कार्यालय में धरना दिया और जब उनका ज्ञापन स्वीकार नहीं किया गया, तो उन्होंने मजबूर होकर ज्ञापन को कार्यालय की दीवार पर चिपका दिया।
पटवारियों ने जताया विरोध, प्रशासन पर लगाए अन्यायपूर्ण कार्रवाई के आरोप
पटवारी संघ का कहना है कि वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से अपने कर्तव्यों का पालन कर रहे हैं, जिससे शाजापुर जिला पूरे मध्य प्रदेश में फार्मर रजिस्टी में चौथे स्थान पर रहा है। साथ ही, जिले के पटवारियों की मेहनत से शाजापुर विभिन्न सरकारी योजनाओं में प्रदेश में अग्रणी बना हुआ है। इसके बावजूद, अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) शुजालपुर द्वारा असंभव लक्ष्य दिए जा रहे हैं और वेतन में कटौती की जा रही है, जिससे पटवारियों का मनोबल गिर रहा है।