शाजापुर। कोरोना काल में गरीबों, जरूरतमंदों व निराश्रितों का पेट भरने के लिए शुरू किए गए सांझ की रोटी ग्रुप के सदस्यों द्वारा शुक्रवार को निराश्रितों व जरूरत मंदों को भोजन कराया गया। साथ ही संकल्प लिया गया कि जहां भी जो भी जरूरतमंद मिलेगा उसे भूखा नहीं रहने दिया जाएगा।
दरअसल अभिभाषकों द्वारा कोरोना काल में एडवोकेट एजाजुद्दीन मेव के नेतृत्व में सांझ की रोटी ग्रुप की शुरूआत की गई थी। ग्रुप के सदस्यों द्वारा गरीबों, निराश्रितों व जरूरत मंदों को भोजन वितरित किया जाता था। हालात सामान्य हुए और जनजीवन पटरी पर लौटने लगा तो यह प्रक्रिया बंद हो गई। जिसे शुक्रवार को एडवोकेट सईद पठान के जन्मदिवस पर फिर शुरू किया गया और पहले दिन श्री पठान द्वारा अपनी ओर से भोजन के 100 पैकेट वितरित किए गए। इस दौरान सदस्यों ने जिला अस्पताल परिसर, बस स्टैंड, मां राजराजेश्वरी मंदिर परिसर सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों में गरीबों व जरूरत मंदों को अपने हाथों से भोजन कराया गया। इस अवसर पर अभिभाषक एजाजुद्दीन मेव, इकरामुद्दीन गौरी, संजय पाटोंदा, यश पूरबिया, बलराम सिंह, शुभ पूरबिया, इंदरसिंह गामी, शुभम उमठ, आशुतोष श्रीवास्तव, रईस खान आदि उपस्थित थे।
अब नियमित रूप से संचालित होगा ग्रुप, मिलेगी सांझ की रोटी
सांझ की रोटी ग्रुप के सदस्यों द्वारा शुक्रवार को संकल्प लिया गया कि अब यह ग्रुप नियमित रूप सेे संचालित होगा और ग्रुप के सदस्य अपनी ओर से इसमें सहयोग प्रदान करते हुए गरीबों व जरूरत मंदों के लिए भोजन की व्यवस्था जुटाएंगे। ग्रुप के सदस्यों ने बताया कि केवल भोजन ही नहीं बल्कि इसका और विस्तार किया जाएगा जिसके अंतर्गत जरूरत की चीजों का भी वितरण किया जाएगा। उन्होंने अपील की कि कोई भी यदि इसमें सहयोग करना चाहे तो वह भी सहयोग कर सकता है।