भोपाल। सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकंडरी एजुकेशन (सीबीएसई) की 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं शनिवार, 15 फरवरी सुबह से शुरू हो गई है। मध्यप्रदेश में यह परीक्षा 493 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जा रही हैं, जबकि राजधानी भोपाल में 36 केंद्र बनाए गए हैं। इनमें भोपाल के 105 स्कूलों के विद्यार्थी परीक्षा देने पहुंचे। प्रदेशभर में 10वीं के 1.17 लाख और 12वीं के करीब 78 हजार विद्यार्थियों ने परीक्षा में शामिल होने के लिए फॉर्म भरा था।
पहला पेपर इंग्लिश का, परीक्षा सुबह 10ः30 से दोपहर 1ः30 बजे तक
10वीं बोर्ड की परीक्षा का पहला पेपर इंग्लिश का हुआ। परीक्षा का समय सुबह 10ः30 बजे से दोपहर 1ः30 बजे तक निर्धारित किया गया था। परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र पर सुबह 10 बजे से पहले रिपोर्ट करना था। सुबह 10 बजे के बाद किसी भी छात्र को प्रवेश नहीं दिया गया।
छात्र बोले- पेपर आसान था
छात्र रुद्रांश ने बताया कि पेपर बहुत आसान था, मैंने सैंपल पेपर से भी पढ़ाई की थी, तो मुझे थोड़े मुश्किल पेपर की उम्मीद थी। इसके अलावा अदिति सिंह भदौरिया ने बताया कि पेपर काफी आसान था, हमारा बहुत अच्छा पेपर गया है।
सीबीएसई ने नकल व अन्य अनुचित साधनों पर रोक लगाने के लिए परीक्षा केंद्रों पर सख्त प्रबंध किए हैं। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। उड़नदस्ते की टीम लगातार निरीक्षण में जुटी रही। परीक्षा सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों ने भी निगरानी रखी। विद्यार्थियों और अभिभावकों को परीक्षा के नियमों का पालन करने की सलाह दी गई। ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।