चित्तौड़गढ़। जिला परिषद के वार्ड 22 के उपचुनाव में एक बार फिर बीजेपी ने अपना परचम लहराया है। शनिवार को कुल 6 राउंड में मतगणना की गई। बीजेपी के प्रभुलाल धाकड़ ने कांग्रेस के मनोज धाकड़ को 2023 मतों से हरा दिया। बीजेपी के जीत की सूचना मिलते ही भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्री चौराहे पर एकत्रित होकर खुशियां मनाई। सभी ने प्रभुलाल धाकड़ को मिठाई खिलाकर उन्हें जीत की बधाई दी।
बड़ी बात यह थी कि इस बार इस वार्ड से सिर्फ 29.18 प्रतिशत ही मतदान हुए। साल 2020 में हुए चुनाव में 90 प्रतिशत मतदान हुआ था। इस सीट से बेगूं विधायक ने जीत हासिल कर जिला प्रमुख बने थे। विधायक बनने के बाद उन्होंने इस पद से इस्तीफा दिया था, जिसके बाद यह उपचुनाव हुआ। वहीं, बेगूं विधायक ने अफीम काश्तकारी जैसे विषम परिस्थितियों के बीच इतने कम प्रतिशत में भी 2000 मतों से हुई जीत को यादगार बताया। अब रविवार को जिला प्रमुख के सीट का फैसला किया जाएगा।
मतदाताओं ने दिखाई थी उदासीनता
शनिवार सुबह मतगणना शुरुआत हुई। 6 राउंड में यह काउंटिंग की गई। इस बार इतना कम मतदान होने के बावजूद भी 202 मत तो सिर्फ नोटा क ही थे। नोटा यानी 202 ऐसे मतदाता थे जिन्होंने दोनों प्रत्याशियों पर ही भरोसा नहीं जताया। चित्तौड़गढ़ जिला परिषद के वार्ड 22 के उपचुनाव में शुक्रवार को बेगूं पंचायत समिति की 14 ग्राम पंचायतों के 54 मतदान केंद्रों पर मात्र 29.18ः मतदान हुआ, जो अब तक के चुनावों में सबसे कम है। साल 2020 में हुए मतदान में 90 प्रतिशत मतदान हुआ था। इस बार मतदाताओं की उदासीनता के चलते सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया। शुक्रवार को 39023 मतदाताओं में से सिर्फ 11387 मतदाताओं ने ही वोट दिए।