भोपाल। मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी ) की राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2025 रविवार, 16 फरवरी को आयोजित की जाएगी। परीक्षा को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस बार 52 जिलों में कुल 342 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 1.18 लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे। यह परीक्षा 158 पदों के लिए हो रही है, जिनमें 10 एसडीएम, 22 डीएसपी, 10 अतिरिक्त सहायक विकास आयुक्त, 65 बाल विकास परियोजना अधिकारी, 14 वित्त विभाग अधिकारी, 7 सहकारी निरीक्षक सहित अन्य पद शामिल हैं।
दो पाली में होगी परीक्षा
एमपीपीएससी इंदौर के ओएसडी डॉ. आर. पंचभाई के अनुसार, परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी
पहली पालीरू सुबह 10 से 12 बजे तक
दूसरी पालीरू दोपहर 2ः15 से 4ः15 बजे तक
इन नियमों का रखना होगा ध्यान
एडमिट कार्ड अनिवार्यः अभ्यर्थी अपना एडमिट कार्ड पहले ही डाउनलोड कर लें और उसमें दिए गए निर्देशों का पालन करें।
वर्जित वस्तुएं न लाएंः परीक्षा केंद्र में मोबाइल, घड़ी, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, पेंसिल, रबर, व्हाइटनर आदि ले जाना प्रतिबंधित है। उल्लंघन पर नकल का प्रकरण बनेगा।
फोटो व हस्ताक्षर स्पष्ट होंः जिनके एडमिट कार्ड पर फोटो ब्लर है या साइन स्पष्ट नहीं हैं, वे दो पासपोर्ट साइज फोटो (पीछे रोल नंबर लिखा हो), मूल आईडी व उसकी फोटोकॉपी लेकर आएं।
रोल नंबर सही भरेंः ओएमआर शीट पर रोल नंबर व प्रश्न पुस्तिका का सेट कोड सही भरना अनिवार्य है। गलती होने पर उम्मीदवारी निरस्त हो सकती है।
समय पर पहुंचेः परीक्षा केंद्र पर कम से कम 1 घंटा पहले पहुंचें। परीक्षा शुरू होने से 15 मिनट पहले गेट बंद कर दिए जाएंगे।
इंदौर में सबसे ज्यादा 71 परीक्षा केंद्र
इंदौर में कुल 71 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 25,700 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। सरकारी कॉलेजों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। इसके अलावा नकल रोकने के लिए उड़न दस्ते की टीम सतर्क रहेगी।