मंदसौर। शहर में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सराफा बाजार क्षेत्र में जुआ खेल रहे पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सराफा बाजार की घाटी के पास एक मकान में कुछ लोग हारजीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने इलियास पिता इमरान अली के मकान पर छापेमारी की। मौके से पुलिस ने बोहरा बाखल के इलियास बोहरा, लक्कड़ पीठा के खोजेंमा उर्फ साबूवाला, बोहरा बाखल के अकबर अली उर्फ लोखंडवाला, स्मार्ट मार्केट के हकीम अली उर्फ लोहे वाला और सराफा बाजार के फकरूद्दीन अली उर्फ नाथ को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के पास से 10,100 रुपए नकद और जुआ खेलने की सामग्री बरामद की है। सभी आरोपी शहर के प्रतिष्ठित परिवारों से संबंध रखते हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।