खरगोन। केंद्रीय बजट को लेकर सोमवार को भाजपा कार्यालय पर प्रेसवार्ता आयोजित की गई। इसमे सांसद गजेंद्र पटेल ने बजट को पीएम के 2047 को लेकर चलाये जा रहे विजन को ध्यान में रखते हुए बनाया हुआ बजट करार दिया है। सांसद ने कहा कि 12 लाख रुपये तक आयकर छूट से मध्यम वर्ग को आर्थिक लाभ मिलेगा। बजट को उद्योगों, किसान, मजदूर, युवा और महिलाओं को साधने वाला बताया। उन्होने केन्द्र सरकार के बजट की सराहना करते हुए बजट को देशहित में बताते हुए कहा कि वेतनभोगी कर दाताओं के लिए यह यह सीमा 75 हजार रुपये की मानक कटौती के कारण 12़ 75 लाख रुपये होगी। यह नई संरचना मध्यम वर्ग के करों को काफी कम करेगी और घरेलू उपयोग, बचत तथा निवेश को बढ़ावा देने के लिए उनके पास अधिक धन राशि उपलब्ध होगी। राज्यों की भागीदारी से ‘प्रधानमंत्री धन-धान्य श्री योजना का शुभारंभ करेगी। इस कार्यक्रम से 1.7 करोड़ किसानों को मदद मिलने की संभावना है। किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से लिए जाने वाले ऋणों के लिए ऋण सीमा 3 लाख से बढ़ाकर 5 लाख कर दी गई है। उन्होने केन्द्र सरकार द्वारा प्रस्तुत किए गए बजट को देश का सबसे बेहतर बजट बताया, जिससे देश तरक्की करेगा और आत्मनिर्भर बनेगा। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष नन्दा ब्रह्मणे ने बजट को सर्वहारा हितेषी बताते हुए गरीब, मजदूर, किसान, महिलाओं के विकास उत्थान वाला बजट बताया।