नीमच। नगर पालिका का विशेष सम्मेलन आज फिर तमाशा बन गया। जमकर मचे शोर शराबे और हंगामे के बीच सम्मेलन में लाए गए सभी 26 प्रस्ताव पारित हो गए। नगरपालिका की बैठक में भाजपा और कांग्रेस के पार्षदों ने नगर पालिका अधिकारियों के अनुपस्थिति का सवाल उठाया।

छाया जायसवाल ने कहा कि जलकल विभाग में कर्मचारी नहीं है। जिस पर सीएमओ महेंद्र वशिष्ठ ने कहा कि कर्मचारी लाने का काम जनप्रतिनिधियों का है। इंदिरा नगर, ग्वालटोली, बघाना और शहर में चरमराई सफाई व्यवस्था व सफाई कर्मचारी के अभाव का मुद्दा जमकर उठा। वीरेंद्र पाटीदार ने कहा कि लीज़ नवीनीकरण और नामांतरण होने के बावजूद पट्टे नहीं मिल रहे है। भूखंड क्रमांक 1056 को लेकर नीरज अहीर ने आवाज उठाई। उन्होंने इस विषय को अगली बैठक में लाने की बात कही। कुत्तों की नसबंदी में हुई अनियमितताओं को लेकर भी बवाल हुआ।

भाजपा पार्षदों ने कहा कि पिछली परिषद की बैठक में जो मुद्दे उठे थे उसे पर क्या कार्रवाई की गई। शशि कल्याणी ने मोबाइल से वीडियो का सबूत पेश करते हुए कहा कि जाजू सागर बांध से जमकर पानी की चोरी हो रही है। इन पर कार्रवाई क्यों नहीं की जाती। जिस पर सभी पार्षदों ने उनका समर्थन किया।
किरण शर्मा ने प्राइवेट बस स्टैंड की पुलिया बनाने को लेकर अपनी बात रखी। दारा सिंह यादव ने कहा कि भाजपा की नगर पालिका होते हुए हम छोटे-छोटे काम नहीं करवा पा रहे हैं। जनता को क्या जवाब दें। सफाई कर्मचारी की नियुक्तियों को लेकर परिषद की बैठक में सफाई कर्मचारी भी पहुंचे। नगर पालिका की बैठक की शुरुआत के पहले एक घंटे में विषय सूची के अलावा शहर के अन्य मुद्दों पर जमकर बहस चली।
