खरगोन। कसरावद तहसील के ग्राम सायता शासकीय माध्यमिक विद्यालय में बालिका आत्मरक्षा प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण का संचालन प्रशिक्षक अश्विन आढ़तिया द्वारा किया गया, जिसमें छात्राओं को आत्मरक्षा की विभिन्न तकनीकों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में ग्राम सरपंच लोकेंद्र सिंह पटेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने छात्राओं को आत्मरक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज के समय में हर बालिका को आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनना चाहिए।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक संजय शर्मा ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि आत्मरक्षा केवल शारीरिक सुरक्षा का ही विषय नहीं है, बल्कि यह मानसिक और भावनात्मक सशक्तिकरण का भी एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने छात्राओं को अनुशासन, साहस और आत्मनिर्भरता अपनाने के लिए प्रेरित किया।