नीमच। श्री सीताराम जाजू शासकीय कन्या महाविद्यालय नीमच में भाभा परमाणु अनुसन्धान केन्द्र मुम्बई के उपकेन्द्र आर.आर. केट, इन्दौर द्वारा दिनांक 18 एवं 19 फरवरी 2025 को दो दिवसीय विशिष्ट कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। एटोमिक एनर्जी के बारे में छात्राओं को शिक्षित करने एवं इस क्षेत्र में उपलब्ध कॅरियर के अवसरो के सम्बन्ध में आयोजित इस विशिष्ट कार्यशाला के मुख्य वक्ता भाभा परमाणु अनुसन्धान केन्द्र, मुम्बई के वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी डॉ0 शिल्पा त्रिपाठी, डॉ0 सुजय सरजीराव गायकवाड़, डॉ0 मंगलानन्द, डॉ0 योगेश कुमार एवं किरण कुमार गोराई होंगे। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ0 एन0के0 डबकरा ने बताया कि इस महाविद्यालय का यह सौभाग्य है कि वैज्ञानिक शोध की प्रतिष्ठित संस्था भाभा परमाणु अनुसन्धान केन्द्र (बार्क) के प्रतिष्ठित वैज्ञानिकों के विशिष्ट ज्ञान का लाभ इस महाविद्यालय की छात्राओं एवं प्राध्यापकों को प्राप्त होगा। डॉ0 डबकरा ने महाविद्यालय की समस्त छात्राओं विशेषकर विज्ञान संकाय की छात्राओं को आह्वान किया है कि उक्त दो दिवसीय कार्यशाला में उपस्थित होकर विशिष्ट व्याख्यानों का लाभ उठायें एवं परमाणु शक्ति के क्षेत्र में प्रतिष्ठित कॅरियर अवसरों का लाभ उठाये।