मुरैना। एक दिवसीय प्रवास पर आये मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव का कृषि मंत्री ऐंदल सिंह कंषाना ने स्वागत किया। हेलीपैड़ से अटल स्मारक तक सडक़ मार्ग से पहुंचे मुख्यमंत्री का कार्यकर्ताओं व गणमान्य नागरिकों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। भारतरत्न व पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की 20 फुट ऊंची प्रतिमा का लोकार्पण करते हुये मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने कहा कि श्री वाजपेयी लोक तंत्र के सच्चे नायक थे। उनका कद इतना बढ़ा था कि पद छोटा पड़ जाता था। उन्होंनें सिर्फ देश मे ही बल्कि विश्व भर मे भारत का मान-सम्मान बढ़ाया है। उन्होंने अपना सारा जीवन भारत माता के लिए न्यौछावर कर दिया था। मुख्यमंत्री के साथ विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा हवाई मार्ग से मुरैना पहुंचे थे। अटल स्मारक लोकार्पण के समय महापौर शारदा सौलंकी, प्रभारी मंत्री करन सिंह वर्मा, कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंषाना, सांसद शिवमंगल सिंह तोमर, विधायक दिनेश गुर्जर, सरला रावत, पूर्व विधायक रघुराज कंषाना, परशराम मुदगल, बलवीर डण्डोतिया सहित अन्य कई नेता मौजूद थे। मुख्यमंत्री हवाई मार्ग से राष्ट्रीय चम्बल घडिय़ाल अभ्यारण्य पहुंचे, नदी में जलीय जीवों का दर्शन करने के साथ ही 10 वयस्क घडिय़ाल को नदी में विचरण के लिये मुक्त करने के बाद कहा कि चम्बल अभ्यारण्य हमारे देश की प्राकृतिक संपदा है। यहां दुर्लभ प्रकार की प्रजातियों का संरक्षण किया जा रहा है। बदलते हुये जलवायु के दुष्परिणामों के कारण इन प्रजातियों को नुकसान पहुंच रहा है। मध्यप्रदेश हमेशा से जैव विविधता के लिये महत्वपूर्ण प्रजातियों के संवर्धन एवं संरक्षण के लिये तत्पर रहा है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय चम्बल घडिय़ाल अभ्यारण्य के संरक्षण व संवर्द्धन का भी भरोसा सभी को दिया। चम्बल के राजघाट से मोटरबोट द्वारा नदी के जेतपुर घाट पर पहुंचे। इस दौरान प्रवासी पक्षियों को भी नजदीक से देखा। मुरैना प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव सिद्ध स्थल करहधाम पर भी पहुंचे। यहां भगवान के दर्शन कर धर्मलाभ लिया। वहीं संत महात्माओं का अशीर्वाद लेकर गौशाला का अवलोकन किया। करहधाम पर आयोजित सियपिय मिलन समारोह में एकत्रित सभी धर्मप्रेमियों को भी सम्बोधित किया और मंदिर में गाई रामधुन चर्चा करते हुए कहा, कि पटिया वाले धाम पर जो आनंद आया है। ऐसा लगा, गौमाता की सेवा को जो धाम है, ऐसा लगा जीते जी आंखों में स्वर्ग दिखाई दे रहा है। यहां आस्था का सैलाब उमड़ा हुआ है। यहां कुंभ की तरह जनता बड़ी भारी संख्या में आई है। आस्था और श्रद्धा के साथ जनता यहा आई है। करोड़ों देवी देवताओं का वास अगर कहीं है, तो वह गौमाता में है। यहां गौमाता की सेवा का अद्भुत धाम है। करह आश्रम पर साढ़े सात हजार गायों की देखरेख की जा रही है, मैं यहां के संत महाराज को प्रणाम करता हूं। सरकार से जो बन पड़ेगा वह सहयोग किया जाएगा। मुख्यमंत्री के साथ विस अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा मौजूद थे।