शाजापुर। किसानों के लिए महत्वपूर्ण सूचना है। पीएम किसान सम्मान निधि योजना की अगली किस्त पाने के लिए अब फार्मर रजिस्टर आईडी और आधार सीडिंग अनिवार्य कर दी गई है। यह किस्त 25 मार्च से दी जाएगी।
कलेक्टर ऋजु बाफना ने इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने जिले के सभी किसानों से आग्रह किया है कि वे अपने क्षेत्र के पटवारी से संपर्क कर फार्मर आईडी बनवाएं और आधार सीडिंग का काम पूरा करा लें। साथ ही राजस्व अधिकारियों से कहा है कि वे इस प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करें।
कलेक्टर ने कहा कि कोई भी किसान तकनीकी या दस्तावेजी समस्याओं के कारण योजना की किस्त से वंचित न रहे। इसलिए सभी संबंधित अधिकारियों को किसानों की हरसंभव मदद करने को कहा गया है। किसानों से अनुरोध है कि वे समय रहते यह प्रक्रिया पूरी कर लें, जिससे उन्हें किस्त प्राप्त करने में कोई परेशानी न हो।