भोपाल। मप्र में कांग्रेस को एक तरफ जहां चुनावों में हार का सामना करना पड़ रहा है, दूसरी तरफ कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी भी टिक नहीं पा रहे हैं। तीन सालों में चार प्रभारी बदले जा चुके हैं। तीन दिन पहले भंवर जितेन्द्र सिंह को हटाकर राजस्थान के बायतू से विधायक हरीश चौधरी को मप्र का प्रभारी बनाया गया है।
नए प्रभारी की नियुक्त होने के बाद पीसीसी चीफ जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने दिल्ली में उनसे अलग-अलग मुलाकात की। ऐसे में बीजेपी नेता नरेंद्र सलूजा ने ट्वीट कर इस मुलाकात को कांग्रेस में गुटबाजी का कैंसर बताया।
कल पहली बार भोपाल आएंगे नए प्रभारी
कांग्रेस के नए प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी कल पहली बार भोपाल आएंगे। वे पीसीसी में कांग्रेस के प्रमुख नेताओं, कार्यकर्ताओं, विधायकों, पदाधिकारियों के साथ परिचयात्मक बैठक लेकर मेल-मुलाकात करेंगे।
विधानसभा चुनाव में स्क्रीनिंग कमेटी और लोकसभा में प्रभारी थे जितेन्द्र
मप्र कांग्रेस के निवर्तमान प्रभारी भंवर जितेन्द्र सिंह विधानसभा चुनाव 2023 में स्क्रीनिंग कमेटी के अध्यक्ष थे। विधानसभा की 230 सीटों में से कांग्रेस को मात्र 66 सीटें मिलीं थीं। 163 सीटें बीजेपी और एक बीएपी ने जीती थी।
विधानसभा चुनाव के दौरान रणदीप सिंह सुरजेवाला प्रभारी थे। चुनाव में हार के बाद सुरजेवाला को हटाकर जितेन्द्र को प्रभारी बनाया गया था। लेकिन, लोकसभा चुनाव में मप्र की सभी 29 सीटों पर कांग्रेस को हार का मुंह देखना पड़ा।भंवर जितेन्द्र सिंह के खिलाफ लगातार कांग्रेस आलाकमान तक ये शिकायतें पहुंच रहीं थीं कि वे गुटीय राजनीति को बढ़ावा दे रहे हैं। कुछेक लोगों के इशारे पर सारे फैसले हो रहे हैं। इसके बाद भंवर जितेन्द्र सिंह को हटाकर हरीश चौधरी को कमान दी गई है।