इंदौर। रेप का आरोपी आसाराम 12 साल बाद इंदौर के आश्रम पहुंचा हैं। इसी आश्रम से उसकी गिरफ्तारी हुई थी। आसाराम के इंदौर आश्रम में होने की सूचना मिलने पर उसके अनुयायी वहां जुटने लगे हैं। बताया जा रहा है कि वह कुछ दिनों तक यहीं रहेगा।
बुधवार को वह सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में इलाज कराने भी पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने कुछ जांच कराने की सलाह दी है।
गोधरा से सड़क मार्ग से पहुंचा इंदौर
मंगलवार रात करीब 10 बजे आसाराम खंडवा रोड स्थित अपने आश्रम पहुंचा। बताया जा रहा है कि वह गोधरा से सड़क मार्ग से इंदौर आया। 12 साल पहले दुष्कर्म के आरोप में उसकी गिरफ्तारी इसी आश्रम से हुई थी।
बता दें कि राजस्थान हाईकोर्ट से 14 जनवरी को आसाराम को अंतरिम जमानत मिली है। वह 31 मार्च तक बेल पर रहेगा। रेप के मामले में उसे उम्रकैद की सजा सुनाई गई है।
कुछ दिन आश्रम में ही रहेगा आसाराम
जानकारी के मुताबिक, आसाराम अगले कुछ दिन इंदौर के ही आश्रम में रहेगा और स्वास्थ्य लाभ लेगा। जानकारी मिलने के बाद से आश्रम के बाहर उनके अनुयायियों का आश्रम पर आना शुरू हो गया है। बताया जा रहा है कि अनुयायियों से सामूहिक रूप से मिलने का कोई प्रोग्राम नहीं है। वहीं, आश्रम में बाहरी लोगों की आवाजाही पर भी रोक लगा दी है। इसकी सुरक्षा का जिम्मा अनुयायियों द्वारा ही संभाला जा रहा है।