नीमच। पांच सूत्रीय मांगों को अनसुनी किए जाने से नाराज़ चिकित्सा महासंघ से जुड़े चिकित्सकों ने आज नीमच में काली पट्टी बांधकर जिला अस्पताल में विरोध प्रदर्शन किया। चिकित्सा महासंघ से जुड़े चिकित्सकों ने बताया कि हम अपनी मांगों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन जारी रखेंगे।
चिकित्सा महासंघ की मांग है कि मरीज और चिकित्सकों के हितों में एक उच्च स्तरीय समिति का गठन किया जाए। मध्यप्रदेश मंत्री परिषद की बैठक में लिए गए निर्णय का क्रियान्वयन हो। समयमान चयन वेतनमान के आदेशों का एक माह में क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। चिकित्सकों की चौथी और प्रमुख मांग है कि लोक स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा विभाग जैसे तकनीकी विभाग में अनावश्यक प्रशासनिक हस्तक्षेप तुरंत समाप्त होना चाहिए। चिकित्सा और जूनियर डॉक्टर्स को कार्यस्थल पर मरीजों के बेहतर उपचार के लिए सुरक्षित और सौम्य वातावरण उपलब्ध करवाया जाए। चिकित्सा महासंघ ने कहा है कि हम 21 फरवरी तक काली पट्टी बांधकर अपना विरोध जारी रखेंगे। 22 फरवरी को कार्यस्थल के बाहर टोकन विरोध प्रदर्शन किया जाएगा और अमानक दवाइयों की सांकेतिक होली जलाई जाएगी। 24 फरवरी को प्रदेश व्यापी सामूहिक उपवास कर अन्न त्याग के साथ 1 घंटे कार्यस्थल के बाहर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। चिकित्सकों ने कहा कि इसके उपरांत भी प्रशासन का गैर जिम्मेदाराना रवैया जारी रहा तो 25 फरवरी से प्रदेशव्यापी प्रशासनिक असहयोग आंदोलन की घोषणा कर दी जाएगी। आज नीमच के जिला चिकित्सालय में सभी डॉक्टर ने काली पट्टी बांधकर अपना कार्य संपादित किया।