नर्मदापुरम। अमित दीवान के सुसाइड केस में 18 दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस अभी तक फरार सात आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। इन आरोपियों में भाजपा नेता प्रकाश शिवहरे के पुत्र विकास शिवहरे और आकाश भी शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों पर इनाम भी घोषित किया है, लेकिन अभी तक वे पुलिस की गिरफ्त में नहीं आए हैं। जिससे सर्व ब्राह्मण समाज ने गुरुवार को मीनाक्षी चौक पर प्रदर्शन किया। दोपहर 12 बजे से समाज का धरना शुरू हुआ। कुछ देर बाद सभी ने मीनाक्षी चौक पर चक्काजाम लगा दिया।
अमित दीवान की तस्वीर लेकर उसके बुजुर्ग पिता कुर्सी पर बैठे रहें, वहीं समाज के लोग चौक पर जाम लगाकर खड़े रहे। जिससे मीनाक्षी चौक पर यातायात बंद हो गया है। करीब डेढ़ घंटे से परिजन, मृतक के पिता और ब्राह्मण समाज के लोग सड़क पर बैठे रहे। इसके बाद सिटी मजिस्ट्रेट बृजेंद्र रावत को ज्ञापन देकर लेकर मांगे रखी और चक्काजाम खत्म किया।
न्याय मांगने पर अरेस्ट करने की धमकी
मृतक अमित के भाई ने आरोप लगाया कि हम न्याय के लिए धरना और चक्काजाम कर रहे है। हमें पुलिस अधिकारी धमकी दें रहे है कि चक्काजाम करने पर गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस आरोपियों को तो पकड़ नहीं पा रही, उल्टा न्याय मांगने वालों को गिरफ्तारी की धमकी दें रही है। उन्होंने नर्मदापुरम पुलिस पर आरोपियों पर गिरफ्तारी में लापरवाही, दबाव में कार्य करने के आरोप लगाए।